कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी द्वारा “आत्मनिर्भर भारत- आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश” योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गयी। –


कृतिका सीधी :
17 जून को कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी द्वारा “आत्मनिर्भर भारत- आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश” योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गयी। कलेक्टर श्री चैधरी ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के कारण देश में लाक डाउन होने के कारण बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक जिले में वापस आए हैं। इन प्रवासी श्रमिकों को उनकी कुशलताओं के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से जिले के प्रवासी श्रमिकों की जानकारी दर्ज की गयी है। जिसमें प्रवासी श्रमिकों की कुशलता के विषय में भी जानकारी दर्ज की गयी है। कलेक्टर श्री चैधरी ने जिले में अधिक से अधिक आर्थिक गतिविधियों को प्रारंभ कर श्रमिकों को नियोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस कार्य में स्थानीय नियोक्ताओं तथा प्रवासी श्रमिकों के मध्य समन्वय स्थापित करने के लिए कहा है। कलेक्टर श्री चैधरी ने जिले में स्थापित सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से भी समन्वय स्थापित कर रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने सभी कार्य स्थलों पर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु सावधानी रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने कहा कि सभी कार्यस्थलों पर सेनेटाईजेशन की व्यवस्था हो, सभी कर्मचारी एवं अधिकारी मास्क लगाकर रखें तथा दो गज की दूरी के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि आर्थिक गतिविधियों का संचालन भी पूरी सतर्कता एवं सावधानी के साथ किया जाए। कलेक्टर श्री चैधरी ने कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु आरोग्य सेतु ऐप को अपनाने एवं जानकारियों को अद्यतन करते रहने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि यह ऐप पूर्ण रूप से सुरक्षित है, इससे लाभ एवं अलर्ट प्राप्त करने के लिए आवश्यक है कि नागरिक आवश्यक अनुमतियाँ जैसे ब्लूटूथ, जीपीएस आदि की अनुमति प्रदान करके रखें। साथ ही ऐप को सदैव सक्रिय रखें ताकि उन्हें हर समय खतरे से आगाह किया जा सके। आरोग्य सेतु ऐप गूगल प्ले स्टोर एवं एप्पल स्टोर में उपलब्ध है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ए.बी. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एनटीवी इंडिया न्यूज़
खबर जरा हट कर –
