विगत 5 जून को आए चक्रवाती तूफान से सीधी जिले कई स्थानों पर व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है। सीधी जिले के मझौली तहसील अंतर्गत ग्राम टिकरी , महखोर एवं भूमका में इस तूफान का व्यापक असर पड़ा है। लगभग 10 किलोमीटर की एरिया में करीब 250 से ज्यादा घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कच्चे मकानों का छप्पर उड़ गया है तथा दीवाले भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। पेड़ पौधों की भारी नुकसान हुई है। सब्जी एवं अन्य सामग्री भी काफी क्षतिग्रस्त हुई है। इस तूफान से 2 सैकड़ा से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। तूफान से प्रभावित हुए परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह बाबा की अगुवाई में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सहायता करने की मांग की है।
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपए आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। प्रभावित परिवारों को बांस बल्ली लकड़ी एवं टीनसेड की व्यवस्था की जाए। फलदार वृक्षों सब्जी एवं अन्य कृषि व परिसंपत्तियों की जो नुकसानी हुई है उसका राजस्व विभाग की एक उच्चस्तरीय टीम बनाकर सर्वे के आधार पर उसकी क्षतिपूर्ति दिलाई जाए तथा तूफान से प्रभावित परिवारों को मनरेगा के तहत गांव में ही आवश्यक रूप से 200 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही सीधी जिले के सभी विकास खंडों में आंधी तूफान एवं भारी बारिश से कृषि मकान पेड़ पौधे एवं अन्य परिसंपत्तियों की काफी क्षति हुई है। इसकी भी तहसीलवार जांच करवाकर उचित सहायता राशि शीघ्र दिलाई जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह बाबा , पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह चौहान ,वरिष्ठ नेता एवं कॉपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भदौरिया ,जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष आनंद सिंह शेर, प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू, महामंत्री श्रीरामा मिश्रा ,ओंकार सिंह कचुली ,पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजबहोर जयसवाल, त्रिवेणी सिंह भदौरिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।