बीते कई दिनों से पूरे सीधी जिले भर में टिड्डियों का आतंक अपने पूरे चरम पर है। बीते सप्ताह सीधी जिले में आए टिड्डियों के इस दल ने पहले कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत फिर अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जहां अपना कोहराम मचाया था वहीं अब ये टिड्डी दल चुरहट तथा मझौली थाना अंतर्गत अपना कोहराम मचा रहा है।
मझौली क्षेत्र में टिड्डियों का आतंक
गत 29 मई शाम से टिड्डियों का दल मझौली क्षेत्र के तिलवारी ग्राम पंचायत के रुपईडोल में डेरा डाले हुए था जिन्हें भगाने के लिए प्रशासनिक अमले द्वारा रात से ही प्रयास शुरू कर दिए गए थे वहीं 30 मई को सुबह से फिर इन्हें भगाने का अभियान शुरू किया गया लेकिन टिड्डियों का दल तिलवारी से चलकर खंड मुख्यालय के इर्द-गिर्द ग्राम पंचायत पांड व धनौली में पहुंच गया जहां आज कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पुष्पेंद्र वर्मा, बैकुंठ द्विवेदी दो फायर ब्रिगेड के साथ सुबह 6 बजे पहुंचकर इन्हें भगाने का अभियान तेज कर दिया गया है। वहीं राजस्व विभाग के साथ ही जिला से भी टीम पहुंची है। जिनके मार्गदर्शन में प्रयास बदस्तूर जारी है ।
टिड्डियों के पहुंचने से मझौली क्षेत्र के किसानों में हड़कंप मचा हुआ है क्योंकि इनके आने का प्रकोप देर समय तक रहता है जिससे आगामी फसल भी प्रभावित होती है। वहीं वर्तमान में ग्रीष्मकालीन फल व सब्जी की फसल बर्बाद हो रही है जिससे क्षेत्र के किसानों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। हालाँकि कृषि विभाग के जिम्मेवारों द्वारा इनसे बचाव व इन्हें नष्ट करने की जानकारी भी किशानो को दे रहे हैं ।
पुष्पेन्द्र वर्मा कृषि विस्तार अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से यह टिड्डियों का दल इधर आया है जिन्हें भगाने व नष्ट करने की मुहिम फायर ब्रिगेड में कीट नाशक दवा डालकर चलाई जा रही है किशानों से भी अपील है कि जहां पर दवा का छिड़काव किया जा रहा वहां पर जानवरों व छोटे बच्चों को कुछ दिनों तक जाने से रोकें ताकि वह दवा के प्रभाव से बचे रहें।
आज चुरहट के डिहुली में रहा टिड्डियों का आतंक
हमारे चरण संवाददाता ने बताया कि चुरहट तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत डिहुली में बीती रात टिड्डियों के आने की सूचना लोगों के द्वारा कृषि विभाग को दी गई। जहां आज सुबह-सुबह कृषि विभाग के उपसंचालक के. के. पाण्डेय एवं नायब तहसीलदार चुरहट शिवशंकर शुक्ला अपने दल बल के साथ पहुंचकर फायर ब्रिगेड से दवाई का छिड़काव करवाए।स्थानीय लोगों एवं उप संचालक कृषि ने बताया कि लगभग करोड़ों की संख्या में टिड्डियों को मार गिराया गया है जो कि विगत रात्रि में आकर अचानक हमला किये थे।
इन टिड्डियों को फायर ब्रिगेड की सहायता से दवा व पानी की बौछार एवं सायरन बजाकर शेष बचे टिड्डियों को भगाया गया। प्रशासन के सही समय पर पहुंचने व शीघ्र कार्यवाही करने के कारण किसानों व ग्रामवासियों को टिड्डियों से निजात मिल पाई। सभी किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा किये गए इस सराहनीय कार्य के लिए धन्यवाद प्रेषित किया है।