कई मुहल्लों में टैंकर के भरोसे ही सप्लाई होता है पानी
कृतिका: सीधी
नगर पालिका क्षेत्र में गर्मी शुरू होते ही पानी का संकट शुरू हो गया है। यह भले की इस बार बीच-बीच में बारिश के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना कम करना पड़ा लेकिन अब नौतपा शुरू हो चुका है जिसे देखते हुए पानी की समुचित व्यवस्था कराने की जरूरत है। हालांकि नगर पालिका के जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा निर्धारित वाहन के अनुसार पानी की व्यवस्था करायी जा रही है फिर भी कई मुहल्लों में पानी को लेकर हाहाकार मचना शुरू हो गया है।
सीधी शहर को पानी सप्लाई के लिए फिलहाल दो ही विकल्प हैं जिसमे कि आधे शहर को पानी की सप्लाई सोन नदी से की जाती है वहीं आधे आवादी को पानी गोरियरा बांध से सप्लाई होती है। इसके अलावा नगर पालिका द्वारा पानी टैंकर्स के माध्यम से भी जरूरतमंदों को पानी सप्लाई की जाती है।
स्थिति यह है कि गत 4 दिवस पहले मशीनी प्राब्लम के कारण सोन नदी का पानी बंद हो गया था इस दौरान और ज्यादा मुसीबत पैदा हो गई थी। हालांकि अब फिर से सोन नदी का पानी नगर पालिका क्षेत्र में शुरू हो गया है। लेकिन कही न कहीं पानी की सप्लाई का निर्धारित समय न होने सहित अक्सर नल बंद होने की वजह से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। जबकि नल जल योजना के तहत अधिकतर लोग नगर पालिका क्षेत्र से पानी सप्लाई पर ही निर्भर रहते हैं। वहीं टैंकर्स के माध्यम से भी नगर पालिका द्वारा पानी की व्यवस्था हर वार्डों में करायी जा रही है लेकिन लेकिन उतनी व्यवस्था नहीं है कि हर जगह यह सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। ऐसी स्थिति में कई मुहल्लों में अब पानी की किल्लतें शुरू हो गई हैं।
नगर पालिका में कुल 10 टैंकर पानी की सप्लाई के लिए हैं जिसमे तीन टैंकर को कोरोना से संबंधित मरीजों के लिए सुरक्षित रखा गया है शेष टैंकर्स के माध्यम से चौबिस वार्डों में पानी की व्यवस्था मुहैया कराना मुश्किल हो रहा है।
इस मामले में आम जनता कही न कहीं नगर पालिका या प्रभारी को दोषी मानते हैं परन्तु सच्चाई यह है कि जिले के जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक स्तर पर नगरपालिका को पर्याप्त टैंकर उपलब्ध न कराए जाने से यह समस्या बनी हुई है। उधर विभाग की मानें तो इस मामले में नगर पालिका के वाटर सप्लाई इंचार्ज द्वारा लगातार वार्डों में कोशिश की जाती है कि किसी को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए उनके द्वारा वैकल्पित व्यवस्था के माध्यम से पानी सप्लाई की जाती है। फिर भी कही न कहीं वाहनों के आभाव के कारण दिक्कतों का सामना नगर पालिका के वार्ड निवासियों को उठानी पड़ रही है।
देखा जाये तो इन दिनों नगर पालिका क्षेत्र में काफी घनी आवादी है लेकिन इस सुविधा के अनुसार वाहन टैंकर पानी सप्लाई के लिए पर्याप्त नहीं हैं। जिस वजह से लोगों को पानी की सुविधाएं वार्डों में नहीं मिल पा रही है। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
सुविधाओं के आधार पर मुहल्लों में हो रही पानी सप्लाई : शीलध्वज
नगर पालिका में पानी की सप्लाई के प्रभारी शीलध्वज सिंह ने कहा कि मेरी पूरी कोशिश रहती है कि किसी वार्ड में पानी की किल्लतें न आने पायें लेकिन कही न कहीं टैंकर्स का आभाव भी इस मामले में दिक्कतें पैदा कर रहा है। उन्होने कहा कि वर्तमान में नगर पालिका क्षेत्र में वार्डों में पानी सप्लाई के लिए 10 टैंकर हैं जिसमे तीन टैंकर हवाई पट्टी एवं मधुरी हास्टल सहित कॉलेज ग्राउण्ड में कोरोना को लेकर लगे हैं। शेष 7 टैंकर के माध्यम से शहर में पानी की सप्लाई की जा रही है। उन्होने बताया कि सुबह 6 बजे से लेकर रात 8 बजे तक नगर पालिका के हर वार्डों में जरूरतमंदों को पानी की सप्लाई करायी जा रही है।