एक बार जुर्म की दुनिया में कदम रखने के बाद अपराधी और गुनाहों का चोली-दामन का साथ हो जाता है, मौका मिलते ही वह अपराधिक वारदातों को अंजाम देने की फिराक में रहता है।
कुछ ऐसा ही मामला सीधी के सेमरिया चौकी अंतर्गत सामने आया है, जहां कुछ दिन पहले ही शराब चोरी के वारदात में सजा काट कर जेल से छूटे गोलू ऊर्फ सुरेश केवट पिता वीरभान, उम्र 22 साल निवासी झगरहा शनिवार शाम नंगी तलवार लहराते हुए दहशत का माहौल पैदा करने का प्रयास किया। हमारे सेमरिया संवाददाता उपेंद्र मिश्रा से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी गोलू बाजार में नंगी तलवार लहराने लगा, इससे न सिर्फ दहशत का माहौल पैदा हुआ बल्कि अफरातफरी मच गई। इससे पहले की वह कोई बड़ी वारदात को अंजाम दे पाता किसी ने सेमरिया चौकी प्रभारी सुरसरी प्रसाद मिश्रा को उसकी जानकारी दे दी। जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ धारा 188, 269, 370 भारतीय दंड विधान धारा 51 (क) आपदा प्रबंधन अधिनियम धारा 3/4 महामारी अधिनियम के धारा 71 (1) मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ अधिनियम एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट का अपराध कायम कर रविवार को उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने में आरक्षक मनीष शुक्ला, प्रधान आरक्षक रमाकांत दुबे, आरक्षक भूपेंद्र बागरी, सैनिक कृष्ण कुमार पांडे की सराहनीय भूमिका रही। आरोपी कुछ दिन पहले ही शराब चोरी के आरोप में जेल में बंद आरोपी कुछ दिन पहले ही जेल से छूट कर आया था।