राज्यस्तर पर ऑनलाइन मोनोलोग प्रतियोगिता करा रहा है रंगदूत, 7 राज्यों में एक साथ होगी लॉकडाउन मोनोलोग प्रतियोगिता

सीधी
कोरोना के इस संकटकाल में देश लॉकडाउन से गुज़र रहा है। तमाम आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियाँ ठप पड़ी हैं। ऐसे में कला जगत भी नए नए रास्ते तलाश रहा है। कई कलाकार फेसबुक के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां लोगो तक पंहुचा रहे हैं।
इसी क्रम में जिले की नाट्य संस्था रंगदूत ने युवा कलाकारों की सृजनात्मक ऊर्जा के सही उपयोग के दृष्टिगत ऑनलाइन मोनोलोग प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश स्तर पर किया है। जिसमें युवा कलाकार अपनी आंचलिक बोली में अपनी संस्कृति को दर्शाती करीब 3 से 5 मिनट की एकल अभिनय प्रस्तुति का वीडियो भेजकर इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। लॉकडाउन के अवसर पर घर बैठे अपनी प्रतिभा को मंच देने का युवाओं के पास यह एक शानदार अवसर है।
इस प्रतियोगिता में एकालाप , एकल अभिनय , मिमिक्री , स्टैंडअप कॉमेडी , मध्यप्रदेश की किसी स्थानीय बोली जैसे बघेली ,बुन्देली ,निमाड़ी ,मालवी , इत्यादी में हो सकती है। इसमें किसी भी तरह के माइम या मूक अभिनय को शामिल नहीं किया गया है। वीडियो और ऑडियो की गुणवत्ता अच्छी होनी चाहिए तथा वीडियो लैंडस्केप मोड़ में शूट किया होना चाहिए। युवा कलाकार अपना वीडियो अपने परिचय के साथ इमेल ,व्हाट्सअप और गूगल ड्राइव के जरिए भेज सकेंगे। प्रतियोगिता में पुरस्कार स्वरूप प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 2000, 1500 ,1000 रुपए और डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता से सम्बन्धित विस्तृत जानकारी रंगदूत के फेसबुक पेज अथवा व्हाट्सअप नम्बर 7649088185 से प्राप्त की जा सकेगी। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश समेत देश कुल 7 राज्यों उत्तरप्रदेश , पंजाब , राजस्थान ,जम्मू , पश्चिम बंगाल , और हिमाचल प्रदेश में अलग अलग संस्थाओं द्वारा एक साथ आयोजित की जा रही है। वीडियो भेजने की अंतिम तिथि 15 मई 2020 है।
