चमराडोल चेकपोस्ट पर वसूली करने वाला आरक्षक लाइन अटैच


सीधी
कोरोना जैसी भयानक महामारी को रोकने के लिए पुलिस कप्तान द्वारा मझौली थाना अंतर्गत चमराडोल में आने-जाने वाले बाहरी व्यक्तियों के ऊपर नजर रखने के लिए चेकपोस्ट बनाया गया था। जहां मझौली थाने में पदस्थ आरक्षक राहुल गुर्जर ने इसे कमाई का अड्डा बना लिया था। नाके पर तैनात होकर आरक्षक आने वाले जाने वाले लोगों के ऊपर नजर तो नहीं रख रहा था पर इंट्री वसूली बराबर कर रहा था।
ऐसे हुआ खुलासा

पिछले कुछ दिनों से जानकारी प्राप्त हो रही थी कि चमराडोल बैरियल में ड्यूटी में तैनात आरक्षक राहुल गुर्जर इंट्री वसूली कर रहा है जहां बड़े वाहनों से दो हज़ार से पांच हज़ार रुपये तक तो वहीं छोटे वाहनों से एक हजार से दो हज़ार रुपये तक ले रहा था, जिसकी पुष्टि करने के लिए एक टीम शहडोल जाने के नाम पर बीते दिवस चमराड़ोल बैरियर के पास पहुंची जहां आरोपी आरक्षक शहडोल जाने के नाम पर दो हज़ार रुपये मांग रहा था तथा एक हजार में बात तय हुई और फिर आरक्षक को एक हज़ार रुपये दिया भी गया।
कप्तान ने लिया ऐक्शन
घटना की सारी जानकारी रात्रि में 2 बजे ही सीधी पुलिस कप्तान आर.एस. बेलवंशी को दी गई। जहां पुलिस कप्तान द्वारा घटना की जांच की गई तथा सिद्ध होने पर उक्त आरोपी आरक्षक राहुल गुर्जर को लाइन अटैच किया गया है।
लापरवाही करने पर होगी कार्रवाई: एसपी
पुलिस कप्तान आर.यस. बेलवंशी ने समस्त स्टाफ को चेताया कि कोरोना वायरस जैसी भीषण महामारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे कृत्य करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
