पूरी संवेदनशीलता के साथ श्रमिकों एवं अन्य व्यक्तियों की करें मदद – कलेक्टर श्री चौधरी —-


सीधी
पूरी संवेदनशीलता के साथ श्रमिकों एवं अन्य व्यक्तियों की करें मदद – कलेक्टर श्री चौधरी
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रवीन्द्र कुमार चौधरी ने विभिन्न राज्यों में सीधी जिले के फँसे मजदूरों/अन्य व्यक्तियों की सहायता हेतु नियुक्त राज्यवार नोडल अधिकारियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री चौधरी ने कहा कि आप बाहर फँसे श्रमिकों की वेदना को समझते हुए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनसे बात करें एवं उनकी जानकारी संकलित कर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराये जिससे यह जानकारी शासन स्तर पर साझा की जा सकेगी।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ए. बी. सिंह, अपर कलेक्टर डी पी वर्मन सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री चौधरी ने कहा कि इस समय की सबसे बड़ी चुनौती विभिन्न राज्यों में फँसे श्रमिकों को सुरक्षित सीधी जिले में लाना, उनका स्वास्थ्य परीक्षण करना तथा जिले को कोरोना संक्रमण से मुक्त रखना है। उन्होने बताया कि शासन स्तर से विभिन्न राज्यों से संपर्क कर श्रमिकों को लाने की व्यवस्था की जा रही है। अभी तक गुजरात, राजस्थान तथा हरियाणा सरकार द्वारा मध्यप्रदेश की सीमा तक श्रमिकों को पहुँचाया जा रहा है, जहाँ से बसों के माध्यम से श्रमिकों को जिले में वापस लाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री चौधरी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं के साधन से आना चाहते हैं, वो ई-पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर श्री चौधरी ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को आने वाली बसों की ट्रेकिंग करने तथा पर्याप्त बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक उपखण्ड अधिकारी को छोटे वाहन भी उपलब्ध कराये जिससे उपखण्ड मुख्यालय से श्रमिकों को उनके गंतव्य तक भेजा जा सकेगा। कलेक्टर श्री चौधरी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया है कि वापस आने वाले प्रत्येक श्रमिक का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाये। उन्होंने कोरोना संभावित केस होने पर उन्हें बनाए गए क्वारेंटाईन सेंटर में उन्हें क्वारेंटाईन कर उपचार करने हेतु निर्देशित किया है।

