| प्रदेश के अनेक हिस्सों में तापमान ने दिखाए तीखे तेवर |

भोपाल. मौसम ने राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के अनेक हिस्सों में बुधवार से फिर तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में सभी स्थानों पर कल के मुकाबले पारे में उछाल दर्ज किया गया है।राजधानी भोपाल में दोपहर के बाद आंशिक बादल छाए, इसके बावजूद कल की तुलना में अधिकतम तापमान आज करीब डेढ डिग्री बढकर 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम 25.8 है, जो सामान्य है। 43.4 डिग्री के साथ दमोह प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। खरगोन और नाैगांव में 43 तथा खजुराहो में अधिकतम तापमान 42.8 दर्ज हुआ। इन शहरों में गर्म हवाएं चल रही है और लू जैसे हालात बन गए हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एसके डे ने बताया कि मध्यप्रदेश के आसपास अब कोई नया सिस्टम नहीं है, इस कारण अगले कुछ दिन तापमान के बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा। अगले चौबीस घंटों में प्रदेश में अधिकांश स्थलों पर मौसम शुष्क रहेगा। केवल ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है। भोपाल एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में आकाश के मुख्यत: साफ रहने एवं मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।
