! कलेक्टर अभिषेक सिंह के भगीरथी प्रयास से सूखा नाला के जीर्णोद्धार का कार्य हुआ प्रारम्भ !

सीधी : धर्मेंद : कमिश्नर रीवा संभाग डाॅ. अशोक कुमार भार्गव के निर्देशन में सूखा नाला के जीर्णोद्धार के कार्य का शुभारम्भ किया गया। कलेक्टर अभिषेक सिंह ने स्वयं जेसीबी चलाकर सूखा नाला की सफाई का कार्य प्रारम्भ किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सीधी के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्नू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास के. पी. पाण्डेय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह परिहार सहित समाजसेवी, गैर सरकारी संगठनों के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक, जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कमिश्नर डाॅ. भार्गव ने कहा कि भारतीय परम्परा में प्रारम्भ से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति अर्चना और आराधना के भाव रहे हैं। हमारे पूर्वजों ने पर्यावरण संरक्षण को हमारी संस्कृति के अभिन्न अंग के रूप में विकसित किया है। हमने जल को देवता माना, वृक्षों की पूजा की और प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों को मानवीय प्रतीक के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज के बदले हुये परिवेश में भौतिक मूल्यों के चकाचैंध में हम अपनी विरासत और परम्पराओं को नष्ट करते जा रहे हैं। नदियाँ, तालाब, जंगल सभी प्रदूषण का शिकार बनते जा रहे हैं। कमिश्नर डाॅ. भार्गव ने कहा कि हम सब की यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम सब जागृत हो, चैतन्य हो और प्रकृति के विभिन्न उपादानों को संरक्षित, सुरक्षित और विकसित करने के लिये जन आंदोलन का रूप दें । कमिश्नर डाॅ. भार्गव ने कलेक्टर अभिषेक सिंह की सराहना करते हुये कहा कि कलेक्टर के नेतृत्व में उनकी टीम ने बहुत ही सराहनीय और अनुकरणीय कार्य किया है। इसके साथ ही इस शुभ कार्य को जन आंदोलन के रूप में परिणित करने के लिये मीडिया की सहभागिता के लिये उन्हें बधाई दी है। कमिश्नर डाॅ. भार्गव ने जनप्रतिनिधियों, गैर सरकारी संगठनों, समाजसेवियों, प्रबुद्ध नागरिकों का पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिये आह्वान किया है। डाॅ. भार्गव ने कहा कि सम्पूर्ण संभाग में पर्यावरण संरक्षण के लिये गतिविधियाँ आयोजित की जायेगी जिससे लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिये जागरुक और प्रेरित किया जायेगा। इस अवसर पर कलेक्टर अभिषेक सिंह ने कहा कि सूखा नदी को पुनर्जीवित करने के लिये हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे। सर्वप्रथम सूखा नाला की सफाई तथा इसके गहरीकरण का कार्य किया जायेगा। किनारे की ओर मार्ग का निर्माण किया जायेगा जिसमें भविष्य में चैपटी का निर्माण कर पिकनिक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके साथ ही सूखा नाला को अतिक्रमण मुक्त करने के लिये कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गयी है। सूखा नाला का सीमांकन कर इसकी सीमा निर्धारित की की जा रही है। क्रमबद्ध तरीके से नाला की सीमा में अवैध रूप से बनाये गये निर्माण कार्यों को गिराने की कार्यवाही की जायेगी।कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की अनिवार्यता है। भावी पीढ़ी के लिये पर्यावरण का संरक्षण एवं परिवर्धन करना आवश्यक है। यह कार्य सामुदायिक सहभागिता के बिना सम्भव नहीं है। सभी की सक्रिय सहभागिता से ही सीधी शहर का सुनियोजित विकास सम्भव है। इस कार्य में सहयोग के लिये उन्होंने सभी का आह्वान किया है, जो भी जिस रूप में सहयोग करना चाहता है उसका स्वागत है।
