! प्रेक्षकों ने किया मतगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा !

सीधी : धर्मेंद : लोकसभा निर्वाचन 2019 की मतगणना के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त गणना प्रेक्षकों विधानसभा क्षेत्र चुरहट एवं सीधी के लिए चन्द्राकर भारती (भाप्रसे) तथा विधानसभा क्षेत्र सिहावल एवं धौहनी के लिए एस. एम. अली (भाप्रसे) ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में 23 मई को होने वाली मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ त्रुटि रहित मतगणना सम्पन्न करायें। इस अवसर पर प्रक्षकों ने मतगणना के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं तथा उनके निवारण के विषय में विस्तृत चर्चा की।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह ने मतगणना स्थल पर की गई विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना स्थल की सभी तैयारियाँ पूर्ण की जा चुकी हैं। कंट्रोल यूनिट से मतों की गणना विधानसभावार निर्मित कक्षों में की जायेगी। प्रत्येक विधानसभा के लिये 2-2 कक्ष बनाये गये हैं जिनमें 14 टेबलों पर मतगणना का कार्य किया जायेगा। ईटीपीबीएस तथा डाक मतपत्रों की गणना पृथक से रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में की जायेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि पेयजल, शौचालय इत्यादि के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा एवं अग्निशमन की व्यवस्था भी की गयी है। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि मतणना से संबंधित सभी कार्यों के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी जाकर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा चुका है।पुलिस अधीक्षक तरूण नायक ने बताया कि सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गयी है। पूरे परिसर की बैरिकेटिंग की जायेगी। मतगणना के दिन मतगणना स्थल के सामने का मार्ग परिवर्तित किया जायेगा, उस पर आवागमन प्रतिबन्धित रहेगा। मतगणना स्थल पर अनाधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। प्रवेश के पूर्व प्रत्येक व्यक्ति की सघन जाँच की जायेगी। वर्जित सामग्रियों तथा मोबाईल के साथ किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। मतगणना के दिन सभी मतगणना ड्यूटी में लगे शासकीय कर्मचारी एवं अधिकारियों के वाहन संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय (नवीन भवन) के ग्राउंड में, सेंट्रल स्कूल तिराहे के पास प्रत्याशी तथा मतगणना एजेंट के वाहन कन्या कॉलेज के सामने वाले स्थान पर तथा जमोड़ी की तरफ से आने वाले प्रत्याशी/मतगणना एजेंट अपने वाहन कॉलेज ग्राउंड पानी टंकी के सामने पार्क करेंगें।
