! संभागायुक्त रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार ने मतगणना स्थल एवं स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण !



सीधी : धर्मेंद : लोकसभा निर्वाचन 2019 की मतगणना का कार्य 23 मई को प्रातः 8 बजे से शासकीय संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय सीधी (पुराना भवन) में किया जाना है। संभागायुक्त रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने मतगणना स्थल एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। मतगणना स्थल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह, पुलिस अधीक्षक तरुण नायक, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डी. पी. वर्मन, सहायक रिटर्निंग आफिसर के.पी. पाण्डेय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
संभागायुक्त डॉ. भार्गव ने मतगणना स्थल में विधानसभा क्षेत्रवार बनाएं गए मतगणना कक्षों में जाकर वहां की व्यवस्थाओं वेरीकेटिंग, बैठक व्यवस्था, विद्युत, कूलर, पंखा, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागायुक्त ने मतगणना कक्ष में बैरिकेटिंग सहित की गयी अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके साथ ही संभागायुक्त ने मतगणना स्थल पर बनाए गए रिटर्निंग अधिकारी कक्ष, प्रेक्षक कक्ष, सुविधा कक्ष, टेबुलेशन कक्ष, सीसीटीव्ही निगरानी कक्ष आदि का निरीक्षण अवलोकन किया। संभागायुक्त डा. भार्गव ने मीडिया कक्ष का अवलोकन कर इंटरनेट, दूरभाष, पानी, कूलर आदि की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने मतगणना स्थल के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त डॉ. भार्गव को मतगणना स्थल पर की गई विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल की सभी तैयारियाँ पूर्ण की जा चुकी हैं। कंट्रोल यूनिट से मतों की गणना विधानसभावार निर्मित कक्षों में की जायेगी। प्रत्येक विधानसभा के लिये 2-2 कक्ष बनाये गये हैं जिनमें 14 टेबलों पर मतगणना का कार्य किया जायेगा। ईटीपीबीएस तथा डाक मतपत्रों की गणना पृथक से रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में की जायेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि पेयजल, शौचालय इत्यादि के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा एवं अग्निशमन की व्यवस्था भी की गयी है।पुलिस अधीक्षक श्री नायक ने बताया कि सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गयी है। पूरे परिसर की बैरिकेटिंग की जायेगी। मतगणना के दिन मतगणना स्थल के सामने का मार्ग परिवर्तित किया जायेगा, उस पर आवागमन प्रतिबन्धित रहेगा। मतगणना स्थल पर अनाधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। प्रवेश के पूर्व प्रत्येक व्यक्ति की सघन जाँच की जायेगी। वर्जित सामग्रियों तथा मोबाईल के साथ किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जायेगा।
संभागायुक्त डा. भार्गव ने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रुटि रहित निर्वाचन सम्पन्न कराने के निर्देश दिये हैं।
