! जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह ने फेसबुक पेज से मतदाताओं से किया सीधा संवाद स्थापित !

सीधी [ धर्मेंद्र ] कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह ने कलेक्टर सीधी के फेसबुक पेज से मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हे निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदाय की जा रही सुविधाओं के विषय में अवगत कराया तथा उनके प्रश्नो का जवाब देकर शंकाओ का समाधान भी किया।जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि इस वर्ष मतदाता पर्ची से मतदान नहीं कर पायेंगें इसके साथ निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 पहचान पत्रों में से किसी एक को लाना अनिवार्य होगा। जारी सूची अनुसार 12 दस्तावेजों में मतदाता परिचय पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, फोटो युक्त सर्विस पहचान पत्र (केन्द्र, राज्य, सार्वजनिक उपक्रम तथा पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा जारी), बैंक तथा पोस्ट आफिस द्वारा जारी फोटो सहित पासबुक, पैनकार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना अंतर्गत जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जाॅब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र तथा आधार कार्ड सम्मिलित हैं। यदि किसी व्यक्ति का मतदाता पहचान पत्र फट गया है या गुम गया है तो बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकता है। दिनांक 30 मार्च तक आवेदन करने पर निःशुल्क मतदाता पहचान पत्र प्रदान किया जायेगा। इसके उपरांत 25 रूपये का शुल्क जमा करने पर डुप्लीकेट मतदाता परिचय पत्र प्राप्त किया जा सकता है।इसके साथ ही उन्होने मतदान केन्द्रों में प्रदाय की जा रही सुविधाओं के विषय में अवगत कराया। उन्होने बताया कि मतदान केन्द्र में शौचालय, पेयजल, छाया, बिजली, रैम्प, सभी प्रकार के चिन्हों का प्रदर्शन, मतदान केन्द्र में सभी आधारभूत जानकारियों का प्रदर्शन आदि सुविधा रहेगी। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को रैम्प की सुविधा, 18 साल के किसी अन्य सहायक को ले जाने की सुविधा, प्राथमिकता से मतदान करने तथा व्हीलचेयर को मतदान केन्द्र में ले जाने की सुविधा भी रहेगी।
