भारत सरकार जल शक्ति मंत्रालय की सचिव ने की जल शक्ति अभियान की समीक्षा

सीधी धर्मेंद : भारत सरकार जल शक्ति मंत्रालय की सचिव गरिमा श्रीवास्तव द्वारा जल शक्ति अभियान कैच द रेन की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। श्रीमती श्रीवास्तव 21 अगस्त से 23 अगस्त 2024 तक जिले के प्रवास के दौरान जल संरक्षण तथा जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में किए गए विभिन्न कार्यों का निरीक्षण करेंगी। साथ ही वह हितग्राहियों के साथ संवाद भी करेंगी। सचिव श्रीमती श्रीवास्तव ने कहा कि हर घर तक नल से जल की पहुंच सुनिश्चित करना भारत सरकार की प्राथमिकताओं में सम्मिलित है। यह जल शक्ति से नारी शक्ति की अवधारणा को दृष्टिगत रखते हुए महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास है। घर .घर तक नल से जल पहुंचने से महिलाओं के समय और ऊर्जा की बचत होगी। जिला पंचायत सीईओ ने जिले में पुष्कर धरोहर योजना तथा अमृत सरोवर योजना अंतर्गत जिले में किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल जल प्रदाय योजना तथा समूह जल प्रदाय योजना के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
