मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की राजस्व महाअभियान की समीक्षा

सीधी धर्मेंद : प्रदेश की मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को राजस्व महाअभियान के संबंध में निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि राजस्व महाअभियान में पूरे प्रदेश में अच्छा कार्य हो रहा है। अभियान के दौरान अब तक नामांतरण के एक लाख 916 तथा नक्शा तरमीम के 26 लाख 19 हजार 112 प्रकरण निराकृत किए गए हैं। कलेक्टर अभियान की सतत समीक्षा करके लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण कराएं। मुख्य सचिव ने राजस्व महाअभियान में श्रेष्ठ कार्य करने वाले जिलों को बधाई दी। मुख्य सचिव ने कहा कि निराश्रित गौवंश को सड़कों से हटाने के लिए तत्परता से कार्यवाही करें। विभिन्न विभाग मिलकर इसके लिए प्रयास करें। निराश्रित पशुओं को गौशाला में भेजने के साथ-साथ हाईवे के किनारे अस्थाई बाड़े बनाकर उनमें भी इन्हें रखने की व्यवस्था करें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग से मुख्य सचिव ने जनमन योजना में शामिल 24 जिलों में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, सिहावल एसपी मिश्रा, मझौली आर पी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
