स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव कार्यक्रमों की दी जानकारी

0 644
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्ट्रेट के सभागार में विधानसभा चुनाव के लिए गठित जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साकेत मालवीय ने कहा कि सीधी जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों चुरहट, सीधी, सिहावल तथा धौहनी विधानसभा के लिये निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम की घोषणा कर दी गयी है। इसके साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की आदर्श आचरण संहिता लागू हो गयी है। विधानसभा चुनाव के अधिसूचना 21 अक्टूबर 2023 को जारी की जायेगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल किये जायेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर है। दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 31 अक्टूबर की जायेगी। उम्मीदवार 2 नवम्बर तक नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी की जायेगी। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किये जायेंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित मतदान केन्द्रों में 17 नवम्बर को मतदान होगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना जिला मुख्यालय सीधी में 3 दिसम्बर को होगी। मतदान वीवीपैट मशीन के माध्यम से कराया जायेगा। जिसमें मतदाता अपने मतदान की पुष्टिकरण पर्ची देख सकता है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के साथ ही चुनाव की आदर्श आचरण संहिता जिले भर में लागू हो गई है। कलेक्टर ने कहा कि विधानसभा चुनाव पुरी निष्पक्षता और पारादर्शिता से संपन्न कराये जायेंगे। चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही पूरे जिले में चुनाव की आदर्श आचरण संहिता लागू हो गयी है। राजनैतिक दल इसका पूरी तरह से पालन करते हुए विधानसभा चुनाव की गतिविधियां संचालित करें। मीडिया में पूरी सावधानी के साथ चुनाव प्रचार सामग्री दें। धार्मिक स्थलों का चुनाव प्रचार में उपयोग न करें। सभा तथा जुलूस के लिए संबंधित रिटर्निंग से लिखित अनुमति आवश्य लें। कलेक्टर ने कहा कि जिले में संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। निजी भवनों में प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित भवन स्वामी से अनुमति लिया जाना अनिवार्य होगा। शासकीय विश्राम गृहों के लिए भी अनुमति लेनी होगी तथा उसमें किसी भी प्रकार की राजनैतिक गतिविधि आयोजित नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 4 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 10 लाख 26 हजार 142 है। इसमें 5 लाख 32 हजार 289 पुरूष, 4 लाख 93 हजार 841 महिला तथा 12 अन्य मतदाता हैं। कलेक्टर ने बताया कि अब मतदाता सूची में नाम विलोपन तथा संशोधन की कार्यवाही नहीं की जाएगी। नाम जोड़ने की कार्यवाही 20 अक्टूबर तक जारी रहेगी। बैठक में कलेक्टर ने मतदाता सूची, ईव्हीएम से मतदान, कानून और व्यवस्था बनाये रखने के उपायों तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों के निराकरण के संबंध की जानकारी दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा ने विधानसभा चुनाव में किये जा रहे सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था की कड़ी निगरानी की जायेगी। सभी प्रमुख मार्गों पर चेकपोस्ट बना दिये गये हैं। इनमें पुलिस और राजस्व के साथ-साथ आबकारी, वन तथा कामर्सियल टैक्स के अधिकारी भी तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों के लिए अनुमति अनिवार्य रूप से लें तथा पुलिस को सूचित करें। किसी भी प्रकार के हथियारों का उपयोग या प्रदर्शन नहीं करेंगे। किसी भी स्थिति में यातायात बाधित नहीं हो। मास्टर ट्रेनर डॉ अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव प्रचारों पर निगरानी, पेड न्यूज तथा सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए टीम तैनात कर दी गयी है। विज्ञापनों के प्रसारण के पूर्व सर्टिफिकेशन अनिवार्य होगा। इलेक्टानिक मीडिया, समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया में पोस्ट करते समय निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल धोटे, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भाजपा से अमित प्रधान, आप से रामचरण सोनी एवं रामविशाल विश्वकर्मा, बीएसपी से शिवकुमार साकेत, कांग्रेस से ज्ञान सिंह एवं नवीन सिंह तथा माकपा से सुंदर सिंह बघेल उपस्थित रहे।

News TOP Footer