विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित, निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता लागू

0 596
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साकेत मालवीय ने विधानसभा निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि सीधी जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों चुरहट, सीधी, सिहावल तथा धौहनी विधानसभा के लिये निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम की घोषणा कर दी गयी है। इसके साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की आदर्श आचरण संहिता लागू हो गयी है। विधानसभा चुनाव के अधिसूचना 21 अक्टूबर 2023 को जारी की जायेगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल किये जायेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर है। दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 31 अक्टूबर की जायेगी। उम्मीदवार 2 नवम्बर तक नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी की जायेगी। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किये जायेंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित मतदान केन्द्रों में 17 नवम्बर को मतदान होगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना जिला मुख्यालय सीधी में 3 दिसम्बर को होगी। मतदान वीवीपैट मशीन के माध्यम से कराया जायेगा। जिसमें मतदाता अपने मतदान की पुष्टिकरण पर्ची देख सकता है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के साथ ही चुनाव की आदर्श आचरण संहिता जिले भर में लागू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष संपन्न कराये जायेंगे। विधानसभा चुनाव के लिये निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां की जा रही हैं। सम्पत्ति विरूपण अधिनियम, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम सहित विभिन्न वैधानिक प्रावधानों के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों में पानी, छाया, शौचालय आदि की व्यवस्था कर दी गयी है। दिव्यांग मतदाता तथा 80 साल से अधिक आयु के मतदाता डाकमत पत्र के माध्यम से घर से भी मतदान कर सकते हैं। मतदान केन्द्र में इन्हे मतदान की पूरी सुविधा दी जायेगी। मतदाता सूची पूरी शुद्धता से तैयार की गयी है। कलेक्टर ने बताया कि अब मतदाता सूची में नाम विलोपन तथा संशोधन की कार्यवाही नहीं की जाएगी। नाम जोड़ने की कार्यवाही 20 अक्टूबर तक जारी रहेगी। कलेक्टर ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों में बीएलओ ने सराहनीय कार्य करके पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण में 58 हजार 382 मतदाताओं के नाम शामिल किये गये हैं। महिलाओं के बड़ी संख्या के नाम शामिल करने से जेंडर रेशियो बढ़कर 915.23 हो गया है। मतदाताओं की कुल संख्या 10 लाख 26 हजार 142 है। इसमें 5 लाख 32 हजार 289 पुरूष, 4 लाख 93 हजार 841 महिला मतदाता एवं 12 अन्य मतदाता हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1207 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा ने विधानसभा चुनाव में किये जा रहे सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था की कड़ी निगरानी की जायेगी। सभी प्रमुख मार्गों पर चेकपोस्ट बना दिये गये हैं। इनमें पुलिस और राजस्व के साथ-साथ आबकारी, वन तथा कामर्सियल टैक्स के अधिकारी भी तैनात रहेंगे। कलेक्टर ने कहा कि चुनाव प्रचारों पर निगरानी, पेड न्यूज तथा सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए टीम तैनात कर दी गयी है। समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया में पोस्ट करते समय निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करें। इस अवसर पर निर्वाचन प्रशिक्षण समय सारणी का विमोचन किया गया। वार्ता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल धोटे, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, सहायक संचालक जनसंपर्क मुकेश मिश्रा एवं बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।

News TOP Footer