निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए नोडल अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक की गई

सीधी धर्मेंद : आगामी विधानसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साकेत मालवीय तथा पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा की उपस्थिति में नोडल अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सेक्टर अधिकारी तथा सेक्टर पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का निरीक्षण करें तथा वल्नेरेबिलिटी मैपिंग रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करें। गत निर्वाचन के आधार पर तथा वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रत्येक मतदान केंद्र का भ्रमण करें, वहाँ के मतदाताओं से चर्चा करें तथा निर्वाचन की प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने की संभावना रखने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक ने उपखण्ड अधिकारी राजस्व तथा उपखण्ड पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से अन्तर्राज्यीय नाकों के लिए प्रस्तावित स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन के समय होने वाली गतिविधियों के दृष्टिगत अंतरजिला सीमा पर लगने वाले नाकों के स्थानों का भी चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 11 सितंबर तक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करने तथा संशोधन हेतु आवेदन प्राप्त हुए हैं उन्हें समय-सीमा में निराकृत करायें। यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से विलोपित किए जाएं। कलेक्टर ने ऐसी ईव्हीएम जिनका उपयोग प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में किया जा रहा है उनके संबंध में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन सभी मशीनों के संबंध में जानकारी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, समस्त उपखण्ड अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तथा नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
