ग्राम पंचायत गोतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 152 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ

सीधी धर्मेंद : 17 मई को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह का आयोजन जनपद पंचायत कुसमी के ग्राम पंचायत गोतरा के देवी मंदिर में किया गया। कार्यक्रम में 152 जोड़ों का विवाह संस्कार विधि विधान से सम्पन्न हुआ। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा अपने भोपाल निवास स्थित कार्यालय भवन समत्व से वर्चुअली सम्मिलित होते हुए नव-विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद, शुभकामनाएँ और बधाई दी गई। मुख्यमंत्री श्री चैहान ने कहा है कि माँ और बहन-बेटी का कल्याण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में कई कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। राज्य सरकार ने बेटियों की जिंदगी आसान बनाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। बेटी,परिवार और समाज को बोझ न लगेऔर विवाह उत्सव एवं उल्लास के साथ हो,इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आरंभ की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर से यही प्रार्थना है कि नव-विवाहितों के जीवन में सुख, समृद्धि, रिद्धि-सिद्धि और प्रसन्नता सदैव बनी रहे। भारतीय संस्कृति में विवाह को संस्कार माना गया है। यह जन्म-जन्म के रिश्तों का आधार है। नव-विवाहित दंपति, प्रेम, स्नेह और आत्मीयता से जीवन व्यतीत करें, दोनों परिवारों का मान-सम्मान, प्रतिष्ठा बढ़ायें तथा सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करें। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में प्रत्येक नव-दम्पति को 49 हजार रूपए की राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे गृहस्थी आरंभ करने के लिए अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार स्वयं सामग्री ले सकें। आज गोतरा के देवी मंदिर परिसर का वातावरण अलौकिक और अद्भुत था। चारों ओर खुशी और उत्साह का वातावरण देखते ही बनता था। एक साथ 152 जोड़ों का विवाह निर्विघ्न सम्पन्न होना अपने आप में उत्साहवर्धक एवं अविस्मरणीय है। देशी परिधानों में वर-वधु की छवि देखते ही बन रही थी। एक साथ 152 दूल्हे बारात लेकर मंदिर परिसर में पहुंचे जहां विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह तथा कलेक्टर श्री साकेत मालवीय द्वारा परंपरागत ढंग से बारातियों का स्वागत किया गया। इसके उपरांत वैदिक रीतिरिवाजों तथा मंत्रोच्चारण के साथ विवाह संस्कार सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक श्री टेकाम द्वारा नवदम्पत्तियों को 49 हजार रुपये की राशि का चेक प्रदाय किया गया। साथ ही स्वयं की ओर से 2100 रुपये की राशि टिकौना के रूप में तथा टी सेट, डिनर सेट, टंकी और घड़ी प्रदाय की गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष कुसमी श्यामवती सिंह प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित होते हुए नवदम्पत्तियों को नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
