कलेक्टर साकेत मालवीय ने किया धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण

सीधी धर्मेंद : 23 दिसम्बर को सुशासन सप्ताह के अंतर्गत कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा क्षेत्र का लगातार भ्रमण करते हुए शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा धान उपार्जन केन्द्र माटा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कृषकों से चर्चा कर खरीदी केन्द्र में की गयी व्यवस्थाओं तथा आ रही परेशानियों के विषय में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने कृषकों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो तत्काल संबंधित उपखण्ड अधिकारी या तहसीलदार से संपर्क करें। कलेक्टर ने यह स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जायेगी। खरीदी के दौरान अनियमितता पाये जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास तथा प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी नीलेश शर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री खान ने सभी खरीदी केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि कृषकों को खरीदी केन्द्र में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हो यह सुनिश्चित करें। सभी कृषकों की खरीदी का कार्य क्रमबद्ध तरीके से किया जाये। आवश्यकता पड़ने पर तौल कांटो की संख्या बढ़ाये जिससे किसानों को अनावश्यक विलंब नहीं हो। उन्होने कहा कि गुणवत्तापूर्ण धान की ही खरीदी की जाए। उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव निरंतर जारी रखा जाए तथा यह सुनिश्चित करें कि किसानों की धान बारिश के कारण खराब नहीं होेने पाए। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों का सतत रूप से निरीक्षण किया जाए। पंजीकृत कृषकों से सहजता से धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया है कि जिले में प्रदेश के बाहर से आने वाली धान का उपार्जन करने तथा कुछ व्यक्तियों द्वारा अन्य व्यक्तियों/व्यापारियों के धान को बेचने की शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने कृषकों से उक्त के संबंध में जानकारी साझा करने की अपील की है जिससे अनैतिक तरीके से धान का विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जा सकेगी। उन्होने कहा कि जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा।
