मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की जनसेवा अभियान एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा

0 78
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान एवं प्रदेश में कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री श्री चैहान द्वारा निर्देशित किया गया कि अभियान में प्राप्त आवेदन पत्रों का शत-प्रतिशत निराकरण करें। आवेदन पत्र अमान्य करते समय मापदण्डों का पूरी तरह से परीक्षण कर लें। यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। कुछ जिलों में शहरी क्षेत्रों में कम आवेदन दर्ज होने पर मुख्यमंत्री श्री चैहान ने असंतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव भी उनके विभाग को प्राप्त जिलेवार आवेदन पत्रों के निराकरण की समीक्षा करें। साथ ही कलेक्टर जिले में आवेदन पत्रों के दर्ज होने तथा निराकरण की विभागवार समीक्षा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा अभियान का दूसरा चरण 25 अक्टूबर तक पूरा करके पात्र हितग्राहियों को हितलाभ मंजूर कर दें। विभागवार प्राप्त और निराकृत आवेदन पत्रों का जिला स्तर से भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। मुख्यमंत्री द्वारा सभी संभागायुक्तों को जनसेवा अभियान की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कमिश्नर और कलेक्टर मिलकर लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण का विशेष अभियान चलाएं। इसमें नामांतरण, बंटवारा तथा जाति प्रमाण पत्र के प्रकरण निराकृत कराए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का स्थापना दिवस एक नवम्बर को धूमधाम से मनाया जाएगा। हर जिले में बड़े सांस्कृतिक आयोजन होंगे। साथ ही सभी जिलों में पात्र हितग्राहियों को समारोह पूर्वक हितलाभ का वितरण किया जाएगा। इस दिन 25 लाख से अधिक हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण होगा। श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को स्थापना दिवस में सम्मानित भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जनसेवा अभियान में 44 लाख से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से 23 लाख से अधिक हितग्राही विभिन्न योजनाओं के पात्र पाए गए हैं। अभी आवेदन पत्र दर्ज करने का क्रम जारी है। कानून और व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा नवरात्रि तथा दशहरे में पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था के अच्छे प्रबंध के लिए राजस्व और पुलिस अधिकारियों बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारों में भी कानून और व्यवस्था बनाए रखें। सभी जिलों में शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी को खोखला करने का षड़यंत्र है। इससे हमें बच्चों को बचाना है। नशे के अवैध व्यापार करने वाले तथा उन्हें संरक्षण देने वाले दोनों पर कठोर कार्यवाही करें। नशे के कारोबारियों की जड़ों पर प्रहार करके बड़े माफियाओं को नष्ट कर दें। अभियान के पहले चरण में अपराधियों पर कार्यवाही की जाएगी। दूसरे चरण में यदि किसी क्षेत्र में में नशे का अवैध कारोबार करते हुए कोई पाया गया तो संबंधित पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी पर कार्यवाही होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हुक्का लाउंज पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाएं। इन्हें तत्काल बंद करें। दुष्कर्म करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शे नहीं। जरूरत हो तो उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर भी चलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण के साथ-साथ भ्रष्टाचार में लिप्त शासकीय सेवकों पर भी कड़ी कार्यवाही करें। चिन्हित अपराधों की ही तरह इस संबंध में भी हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करें। अच्छा कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी निर्भय होकर अपना काम करें। लेकिन गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री जी उज्जैन में श्री महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम का पूरे प्रदेश में सजीव प्रसारण किया जाएगा। सभी प्रमुख मंदिरों में दीप मालाएं सजाकर इस उत्सव को मनाएं। मुख्यमंत्री द्वारा लंपी रोग की रोकथाम, लाडली लक्ष्मी सम्मेलन के आयोजन, नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान, अमृत सरोवरों के निर्माण तथा आवारा पशुओं को व्यवस्थित करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

News TOP Footer