अंकुर अभियान पौधरोपण महाअभियान में कलेक्टर ने विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं से सहभागिता की अपील की

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान की अध्यक्षता में अंकुर योजना को जनअभियान बनाने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि अंकुर योजना अंतर्गत हरियाली अमावस्या 28 जुलाई से 15 अगस्त 2022 तक पौधारोपण महाभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले में वृहद पैमाने पर पौधरोपण किया जाना है। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। बैठक में कलेक्टर श्री खान तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे द्वारा सभी विभागों एवं सामाजिक संगठनों को अभियान में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि अभियान की सफलता तभी है जब हम सभी पौध रोपण करें तथा पौधों को अगले कुछ महीनों तक सुरक्षित भी रखें। इसके लिए आवश्यक है कि वायुदूत एप पर फोटो को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्टेज पर एक निर्धारित समय सीमा में अपलोड भी करें। कलेक्टर ने कहा कि एप संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा हिमांशु तिवारी मोबाइल नंबर 8120000428 पर सम्पर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों परिसरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों आदि में पौधरोपण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों में तथा विद्यालय परिसरों में फलदार पौधों के रोपण के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को जोड़ें जिससे उनमें पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता पैदा होगी। कलेक्टर द्वारा जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, गणमान्य एवं प्रबुद्ध नागरिकों, मीडिया के प्रतिनिधियों तथा युवाओं से पौधरोपण महाअभियान में सहभागिता की अपील की गई है।
