जिले के सभी नगरीय निकायों में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न सीधी में 62 प्रतिशत किया गया मतदान

0 138
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 13 जुलाई को सीधी जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान संपन्न हो गया। द्वितीय चरण में नगर पालिका परिषद सीधी तथा नगर परिषद मझौली, रामपुर नैकिन एवं चुरहट में पार्षद पदों के लिए मतदान कराया गया। मतदान समाप्ति पर नगर पालिका परिषद सीधी में 62.82 प्रतिशत नगर परिषद मझौली में 73.51 प्रतिशत, रामपुर नैकिन में 76 प्रतिशत तथा चुरहट में 73.29 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान में तेजी देखी गई। पंचायत चुनाव की तरह नगरीय निकाय चुनाव में भी महिला मतदाताओं के मतदान का प्रतिशत पुरूषों से अधिक रहा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुजीबुर्रहमान खान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने नगरीय निकायों के विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर मतदान का जायजा लिया। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक आर एस कनेरिया द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। कई दिव्यांग और अधिक आयु के मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान किया। जिले के नगरीय निकायों में प्रात 7 बजे ईव्हीएम के माध्यम से मतदान आरंभ हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्वक जारी रहा। मतदान केन्द्रों में महिलाओं और युवा मतदाताओं की भीड़ देखी गई। जोनल अधिकारी, सेक्टर अधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार केन्द्रों का भ्रमण किया गया। कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान पर कड़ी निगरानी रखी गई। मतदान समाप्ति पर नगर पालिका परिषद सीधी में 14 हजार 082 पुरुष मतदाताओं 64.69 प्रतिशत, 12 हजार 623 महिला मतदाताओं 60.86 प्रतिशत तथा एक अन्य सहित कुल 26 हजार 706 मतदाताओं ने मतदान किया। नगर परिषद मझौली में 3 हजार 733 पुरुष मतदाताओं 73.77 प्रतिशत, 3 हजार 582 महिला मतदाताओं 73.23 प्रतिशत कुल 7 हजार 315 मतदाताओं ने, रामपुर नैकिन में 3 हजार 778 पुरुष मतदाताओं 75.5 प्रतिशत, 3 हजार 773 महिला मतदाताओं 76.9 प्रतिशत कुल 7 हजार 551 मतदाताओं ने तथा चुरहट में 4 हजार 280 पुरुष मतदाताओं 71.2 प्रतिशत, 4 हजार 323 महिला मतदाताओं 75.5 प्रतिशत कुल 8 हजार 603 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदान दल वापस लौटकर ईव्हीएम तथा अन्य मतदान सामग्री संबंधित नगरीय निकायों में बनाए गए कक्षों में जमा की गई। सभी ईव्हीएम स्ट्रांग रूम में रखकर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं अभ्यर्थियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम सील किया गया। इनकी मतगणना 20 जुलाई को प्रातः 9 बजे से होगी।

News TOP Footer