कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी ने भ्रमण के दौरान की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा

सीधी धर्मेंद : कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी द्वारा बुधवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान डीआईजी मिथलेश शुक्ल तथा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान भी साथ रहे। कमिश्नर द्वारा भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायतों में स्वामित्व योजना अंतर्गत आबादी भूमि के सर्वे कार्य, निर्माणाधीन अमृत सरोवरों, तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य तथा गेंहू उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा क्रियान्वयन की कड़ी निगरानी एवं नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। कमिश्नर श्री सुचारी द्वारा ग्राम बंेदुआ तथा पिपरोहर में स्वामित्व योजनान्तर्गत आबादी भूमि के सर्वे कार्य का निरीक्षण किया गया तथा ग्रामवासियों से प्रतिक्रिया ली गई। ग्रामवासियों द्वारा सर्वे कार्य के प्रति संतुष्टि व्यक्त की है। कमिश्नर ने उपस्थित राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वामित्व योजना अंतर्गत सर्वे का कार्य पूरी परदर्शिता से करें। इसमें ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार आबादी के पट्टे प्रदान किए जाएं। इसके साथ ही कमिश्नर श्री सुचारी ने निर्देशित किया है कि ऐसे भूमिहीन परिवार जो स्वामित्व योजना अंतर्गत पात्रता नहीं रखते हैं उन्हे मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना अंतर्गत नियमानुसार पट्टे प्रदान किए जाएं। कमिश्नर ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास के पट्टे से वंचित नहीं रहे। कमिश्नर श्री सुचारी द्वारा भ्रमण के दौरान पिपरोहर, गोरियरा तथा कठौली में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य का निरीक्षण किया गया। उन्होने निर्देशित किया है कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर ही भुगतान किया जाना सुनिश्चित करें। भ्रमण के दौरान उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश कुमार शर्मा, जिला आपूर्ति अधिकारी आशुतोष तिवारी, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा हिमांशु तिवारी, तहसीलदार सौरभ मिश्रा, नायब तहसीलदार दीपेन्द्र तिवारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
