जिले का 12वीं में 85.63 प्रतिशत तथा 10वीं में 78.06 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा

सीधी धर्मेंद : 29 अप्रैल को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा शुक्रवार को हाईस्कूल एवं हायर सेकेंड्री परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। सीधी जिले का परीक्षा परिणाम गत वर्षों की तुलना में उत्कृष्ट रहा है। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 85.63 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का 78.06 प्रतिशत रहा। कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में सीधी जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर तथा कक्षा 10वीं में पांचवें स्थान पर रहा है। साथ ही जिला परीक्षा परिणामों में संभाग में प्रथम स्थान पर रहा है। कक्षा 10वीं में जिले के 9 विद्यार्थियों ने तथा कक्षा 12वीं में 4 विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। वर्ष 2020 में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 61.84 प्रतिशत रहा। इस वर्ष 78.06 है जो कि गत वर्ष की तुलना में 16.22 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वर्ष 2020 में कक्षा 10वीं का परिणाम प्रदेश में 30वां स्थान था, इस वर्ष पाॅचवा स्थान है। प्रदेश की मैरिट सूची में इस वर्ष कुल 9 विद्यार्थी अपना स्थान बनाये हैं। 2020 में तीन छात्रों ने प्रदेश की मेरिट में स्थान बनाया था। कक्षा 12वीं में 2020 में परीक्षा परिणाम 74.9 प्रतिशत रहा। इस वर्ष 85.63 प्रतिशत है जो कि 10.73 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रदेश की मैरिट सूची में चार विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है।
