टीकाकरण महाअभियान में 3 दिनों में 15 से 18 वर्ष के 35 हजार युवाओं का हुआ वैक्सिनेशन

सीधी धर्मेंद : कोरोना संक्रमण से बचने के लिए प्रदेश सहित जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का विशेष महा-अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के प्रभावी रोकथाम तथा जीवन रक्षा के लिए सबसे सुरक्षित एवं कारगर उपाय कोविड वैक्सिनेशन है। शासन द्वारा अभियान चलाकर 15 वर्ष से अधिक के सभी व्यक्तियों को कोरोना सुरक्षा कवच प्रदान करने का अभियान चलाया गया है। कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान के निर्देशन में जिले में कोविड वैक्सिनेशन महाअभियान चलाया जा रहा है, जिसमें प्राथमिकता पर कोविड वैक्सीन के द्वितीय डोज लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही टीकाकरण से वंचित लोगों का सर्वे कर उन्हें समझाईस देकर टीकाकरण किया जा रहा है। सोमवार से जिले में 15 से 18 वर्ष के युवाओं का भी टीकाकरण प्रारम्भ हो गया है। युवा वर्ग में टीके को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी तक प्रथम तीन दिनों में 35 हजार से अधिक युवाओं को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ नागेन्द्र बिहारी दुबे ने बताया कि जिले में 06 जनवरी 2022 की स्थिति में भारत सरकार के कोविन पोर्टल पर एंट्री के अनुसार अब तक 14 लाख 08 हजार से अधिक डोज लगाये जा चुके हैं। 7 लाख 35 हजार व्यक्तियों को प्रथम डोज तथा 6 लाख 73 हजार से अधिक लोगों को दोनों डोज लगाए जा चुके हैं।
