दिसम्बर तक हर पात्र व्यक्ति को दूसरी डोज का टीका लगाएं कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने

0 162
Main Ad1

सीधी धर्मेद : 8 नवम्बर को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीकाकरण महाअभियान तथा जनजातीय गौरव दिवस समारोह के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए 18 साल से अधिक आयु के हर व्यक्ति को वैक्सीन की दोनों डोज लगना आवश्यक है। प्रदेश में 25 दिसम्बर तक हर पात्र व्यक्ति को वैक्सीन की दूसरी डोज अवश्य लगाएं। इसके लिए प्रत्येक जिले में प्रत्येक बसाहट के लिए प्लान बनाकर प्रयास करें। टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए धर्मगुरूओं, सामाजिक संगठनों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट गाइड, जन अभियान परिषद, कोरोना वालेंटियर्स तथा आपदा प्रबंधन दल के सदस्यों का सहयोग लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में 10 नवम्बर, 17 नवम्बर, 24 नवम्बर को टीकाकरण का महाअभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। महाअभियान के दिवसों की जानकारी हर गांव में मुनादी कराकर दें। सभी अधिकारी अपने विभाग से जुड़े हितग्राहियों से भी टीकाकरण की जानकारी अवश्य लें। टीकाकरण से सेशन प्लान करके तथा केन्द्र निर्धारित करके इनका प्रचार-प्रसार कराएं। घर-घर जाकर दूसरी डोज के पात्र व्यक्तियों की जानकारी लेकर उनका टीकाकरण कराएं। टीकाकरण के प्रगति की 17 नवम्बर को समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवम्बर को बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भोपाल में जंबूरी मैदान में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस समारोह में लगभग दो लाख व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह में प्रदेश के जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम नायकों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। समारोह में राशन आपके द्वार योजना तथा सिकल सेल उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। समारोह में अनुसूचित जनजाति के स्वसहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। भोपाल के साथ-साथ आदिवासी बहुल सभी ग्राम पंचायतों में भी जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसमें वेबकास्ट के माध्यम से राज्य स्तरीय समारोह के सजीव प्रसारण की व्यवस्था कराएं। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार से रासायनिक खाद के रैक लगातार प्राप्त हो रहे हैं। सभी कलेक्टर खाद के भण्डारण तथा वितरण की प्रतिदिन मॉनीटरिंग करें। किसानों को डीएपी के स्थान पर एनपीके तथा एसएसपी खाद के मिश्रण का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। बड़ी संख्या में किसान इनका उपयोग कर रहे हैं। संभाग तथा जिला स्तर पर सोशल मीडिया में कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विभाग के अधिकारियों तथा प्रगतिशील किसानों के संदेश इस संबंध में प्रसारित कराएं। वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीधी एनआईसी कक्ष से कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान, सीएमएचओ डॉ आई जे गुप्ता, डीडीए राजेश सिंह चैहान सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

News TOP Footer