उत्सव के माहौल में आयोजित होगा अन्न उत्सव समारोह निःशुक्ल खाद्यान्न का होगा वितरण

सीधी धर्मेंद : प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनान्तर्गत अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन जिले की सभी 448 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 7 अगस्त को किया जाएगा। कार्यक्रम में 26 हजार हितग्राहियों को योजना अंतर्गत निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए चिन्हित हितग्राहियों को ही पहले दिवस खाद्यान्न का वितरण होगा। शेष हितग्राहियों को आगामी दिवसों में खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। राज्यसभा सांसद श्री अजय प्रताप सिंह बघवार में, विधायक सीधी श्री केदारनाथ शुक्ल मधुरी, विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम कुसमी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभ्युदय सिंह मड़वास में कार्यक्रम में सम्मिलित होंगें। कार्यक्रम सुबह 10ः30 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सुबह 11 बजे वर्चुअल माध्यम से जुडेंगे। कार्यक्रम को उत्सव के रूप में आयोजित करने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। चिन्हित हितग्राहियों को कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु पीले चावल देकर, टीका लगाकर आमंत्रित किया गया है। सभी दुकानों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है तथा उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदाय किया गया। इसके साथ ही निर्धारित मात्रा में थैले और खाद्यान्न सभी दुकानों में भण्डारित हो गए हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन को देखने सुनने की व्यवस्था भी की गई है।
