मझौली थाना अंतर्गत मेंढ़की गांव में जहर सेवन से एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है।
बताया गया कि अज्ञात कारणों से नवविवाहिता ने जहर का सेवन कर लिया है। जिसे बीते शनिवार को सुबह 10 बजे के लगभग जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु लाया गया था।
मझौली थाना अंतर्गत मेंढ़की निवासी सोमनाथ यादव पिता निचवा यादव का पुलिस में दिए बयान के अनुसार उसके तीन लड़कियां तथा दो लड़के हैं। मृतका माया यादव मेरी सबसे बड़ी लड़की है जिसकी शादी आज से लगभग 4 साल पहले ददरी गांव के भाईलो यादव के साथ हुई थी। मृतका के पिता ने बताया कि मेरी लड़की को एक भी बच्चा अभी तक नहीं हुआ था तथा इसके पूर्व में घर पर आकर 8 दिन रुकी हुई थी। जहां किसी भी तरह के दुख तकलीफ का जिक्र लड़की के द्वारा नहीं किया गया। पिता ने बताया कि मुझे मेरे लड़के द्वारा पता चला कि माया जहर का सेवन कर ली है जहां हम लोग आनन फानन में जिला चिकित्सालय सीधी लेकर गए तथा दिन भर उपचार चला, वहीं उपचार के दौरान बीते रविवार को सुबह 8 बजे के लगभग मौत हो गई। पूरे मामले को लेकर पुलिस के द्वारा मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
बेबस और मजबूर था पिता
वहीं स्टार समाचार द्वारा मृतका के पिता से बात की गई तो उन्होंने बेबसी भरी नजर से बताया कि मृतका समेत तीन लड़कियों की शादी उसी घर में किया हूं अगर हम कुछ भी बोलते हैं तो हमारी दो लड़कियों को भी नुकसान पहुंच सकता है इसलिए हम किसी भी तरह का बयान नहीं दे सकते हैं हम मजबूर हैं।