23 जून को कलेक्ट्रेट सभागार सीधी में आयोजित बैठक में नवागत कमिश्नर रीवा संभाग राजेश कुमार जैन ने शासन के महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की –

0 206
Main Ad1

कृतिका सीधी :

 

23 जून को कलेक्ट्रेट सभागार सीधी में आयोजित बैठक में नवागत कमिश्नर रीवा संभाग राजेश कुमार जैन ने शासन के महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होने कहा कि यह एक चुनौती पूर्ण समय है। कोरोना महामारी के संकट के कारण जन जीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में सभी को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्रवासी श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर श्री जैन ने गरीब कल्याण रोजगार अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा कि ऐसे जिले जहां 25 हजार से अधिक प्रवासी श्रमिक आये हैं वहां इस योजना का क्रियान्वयन किया जायेगा, इसमें सीधी जिला भी सम्मिलित है। ऐसे में इसकी विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाये तथा कार्यों का चिन्हान्कन किया जाये, जिससे न केवल प्रवासी श्रमिकों को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त हो सकें, इसके साथ ही गांव में स्थायी परिसम्पत्तियों का निर्माण हो सकेगा। कमिश्नर श्री जैन ने रोजगार सेतु पोर्टल एप के माध्यम से भी प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने निर्देशित किया है कि सभी प्रवासी श्रमिकों की स्किल मैपिंग का कार्य तत्काल पूर्ण करें। इसमें अधिक से अधिक नियोक्ताओं का पंजीयन करें तथा प्रवासी श्रमिकों को उनके हुनर एवं योग्यता के आधार पर रोजगार दिलायें। उन्होने सभी प्रवासी श्रमिकों के जाब कार्ड बनाकर मनरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर श्री जैन ने निर्देशित किया है कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों में समय-सीमा का भी ध्यान रखा जाये। कमिश्नर ने खरीफ के लिए खाद, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने उपलब्ध सामग्री की गुणवत्ता की जाँच हेतु दुकानों की नियमित जाँच तथा सेम्पलिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जाँच में नमूना अमानक पाए जाने पर संबंधित कंपनी एवं विक्रेता के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाये। इसके साथ ही उन्होंने एफआरए के प्रकरणों के निराकरण, गणवेश की गुणवत्ता, पुस्तकों एवं साइकिलों के वितरण, जाति प्रमाण पत्रों आदि के समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि कोरोना संकट पर नियंत्रण अवश्य है पर यह संकट दूर नहीं हुआ है। अभी पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लगातार सेम्पलिंग का कार्य जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संदिग्धों की पहचान का कार्य सतत रूप से जारी रखें। जिले में स्थापित ट्रूनेट मशीन से तथा आवश्यकता पड़ने पर रीवा मेडिकल कालेज भी सेम्पल भेजते रहें। उन्होंने लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु जागरुक करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने संस्थागत प्रसव को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि सभी प्रसव संस्थागत हों इसके लिए गभर्वती महिलाओं के पंजीयन, उनकी नियमित जांच पर विशेष ध्यान दें। लॉकडाउन के कारण आंगनवाड़ी केन्द्र संचालित नहीं हो रहे हैं, लेकिन बच्चों तथा गर्भवती माताओं को घर-घर जाकर पोषण आहार देने की व्यवस्था की गई है। इसे कारगर रूप से लागू करें। आंगनवाड़ी केन्द्र भवन निर्माण के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करायें। कमिश्नर ने समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के सभी हितग्राहियों को समय पर पेंशन राशि का भुगतान करें। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से लाभान्वित हितग्राहियों की लंबित राशि का तत्काल भुगतान करायें। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों को समय से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रवासी श्रमिकों के लिए आवंटित खाद्यान्न के समय से वितरण के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कमिश्नर द्वारा वर्षा काल को दृष्टिगत रखते हुए ऐसे समस्त स्थल जहाँ बाढ़ की सम्भावना है वहाँ कार्ययोजना बनाकर राहत कार्यों, आवश्यक सामग्री सर्च लाइट, लाइफ जैकेट, रबर ट्यूब आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके साथ ही समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को विशेष परिस्थितियों में नागरिकों के रेस्क्यू हेतु उचित आश्रय स्थल एवं गोताखोरों को चिह्नांकित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी ने आश्वस्त किया है कि शासन के निर्देशानुसार सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जायेगा। सभी पात्र हितग्राहियों को पात्रतानुसार योजनाओं से लाभान्वित किया जायेगा। उन्होने कहा कि जिले के सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी योजनाओं का क्रियान्वयन करेंगे। बैठक में वन मण्डलाधिकारी एम.पी. सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ए.बी. सिंह, अपर कलेक्टर डी.पी. वर्मन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

 

Main Ad1

एनटीवी इंडिया न्यूज़

खबर जरा हट कर –

News TOP Footer