आदमखोर 2 किशोर बाघिन बहनों को भेजा गया बांधवगढ़, विगत 2 दिन पूर्व ही बाघिन ने किया था ग्रामीण का शिकार



【आर.बी.सिंह राज】✍️
सीधी
बीते शनिवार को संजय टाइगर रिजर्व अंतर्गत व्यौहारी क्षेत्र के गांव कोईलारी में एक ग्रामीण का शिकार करने वाली 2 किशोर बाघिन बहनों को अंततः कल सोमवार टाइगर रिजर्व के अमले ने ट्रेंकुलाइज करके पिंजरे में कैदकर उन्हें बांधवगढ़ नेशनल पार्क में शिफ्ट कर दिया है।
हमारे विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कल सोमवार को सुबह 7 बजे संजय टाइगर रिजर्व के व्यौहारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोयलारी में इन 15 माह की 2 किशोर बाघिन बहनों को टाइगर रिजर्व की टीम ने ट्रेंकुलाइज किया तथा उन्हे वहां से टाइगर रिजर्व के कंजरा चीतलवाड़ा लाया गया। इसके उपरांत संजय टाइगर रिजर्व के अधिकारियों द्वारा इन किशोर बाघिनों को पिंजरे में कैद करके उन्हे बांधवगढ़ नेशनल पार्क ले जाया गया जहां उन्हे सकुशल शिफ्ट कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार 25 अप्रैल को इन्ही 15 माह की किशोर बाघिन बहनों में से किसी एक ने टाइगर रिजर्व के व्यौहारी क्षेत्र में महुआ बिनने गए एक ग्रामीण को अपना शिकार बनाते हुए उसे मौत के घाट उतार कर उसका शिकार कर लिया था परंतु प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह तय कर पाना मुश्किल हो रहा था कि इन दो सगी 15 माह की बाघिन बहनों में से किसने उस ग्रामीण का शिकार किया था जिसके कारण टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने यह तय किया कि इन दोनों को ही ट्रेंकुलाइज ( बेहोश ) करके बांधवगढ़ शिफ्ट किया जाएगा।

शनिवार से ही की जा रही थी सर्चिंग
बीते शनिवार के उपरांत से ही ये दोनों बाघिन बहनें संजय टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के सर्चिंग राडार पर थीं जिससे कल सोमवार की सुबह 7 बजे उनका लोकेशन ट्रेस करके उन्हें इंजेक्शन गन से ट्रेंकुलाइज किया गया जिसके उपरांत उन्हें कंजरा चीतलवाड़ा लाकर पिंजरे में कैद करके बांधवगढ़ नेशनल पार्क शिफ्ट किया गया।
उल्लेखनीय है कि संजय टाइगर रिजर्व सीधी में ऐसे बिगड़ैल या आदमखोर बाघों के लिए उन्हें कैद में रखने हेतु सिर्फ एक ही बाड़े की व्यवस्था है जिसमें पूर्व से ही कटनी से कुछ माह पूर्व ही लाया गया बाघ इस समय रह रहा है जिसके चलते ही बांधवगढ़ नेशनल पार्क में इस तरह के बाघों को रखने के लिए अधिक बाड़े की व्यवस्था होने के कारण इन दो सगी बाघिन बहनों को वहां शिफ्ट किया गया है।
