| ज्योतिरादित्य को म.प्र.कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के विरोध में दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह, कहा- सिंधिया के पास समय नहीं


भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई एवं विधायक लक्ष्मण सिंह पूर्व मंत्री एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने गुरुवार की शाम भोपाल में कहा कि सिंधिया के पास समय की कमी है, वे उत्तर प्रदेश में भी पार्टी का काम देख रहे हैं। उनको मध्य प्रदेश पीसीसी का अध्यक्ष नहीं बनाया जाना चाहिए। पार्टी हाईकमान को सिंधिया की जगह किसी अन्य के नाम पर विचार करना चाहिए। प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे बड़े पैमाने पर कर्मचारियों के ट्रांसफर से भी लक्ष्मण सिंह खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि वैसे तो ट्रांसफर होना एक शासकीय प्रक्रिया है। लेकिन इतने बड़े पैमाने ट्रांसफर होना गलत है। इससे सरकार पर ही बोझ पड़ता है। कर्मचारियों के ट्रांसफर होने पर उन्हें भत्ता दिया जाता है।अभी तक हुए ट्रांसफर में इसका आंकड़ा करोड़ों रुपए में पहुंच चुका है। अभी छोटे कर्मचारियों के ट्रांसफर और होना है। इसका वित्तीयभार भी सरकार पर पड़ेगा। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि ये पैसा कहां से आएगा। जनता का पैसा कर्मचारियों के भत्ते पर खर्च किया जाएगा। जबकि इसका उपयोग कई विकास कार्यों पर किया जा सकता है।
