?पुलिस चौकी बम्हनी अंतर्गत ऐंठी गांव की घटना, मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
【आर.बी.सिंह ‘राज’】
सीधी।
चुरहट थाना के पुलिस चौकी बम्हनी अंतर्गत ऐंठी गांव में अगरिया परिवार के यहां आई बारात में पैसों को लेकर बराती व गांव के एक व्यक्ति के बीच चाकू चल गया, जिसमें दूल्हे के चचेरे भाई पर चाकू से किए गए हमले में घटना स्थल में ही दर्दनाक मौत हो गई। बीच बचाव करने गए दो अन्य बाराती घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा उपरांत शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंपते हुए आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब १२.३० बजे की है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुसमी थाना अंतर्गत रामपुर निवासी अगरिया परिवार बेटे की बारात लेकर सोमवार की शाम बम्हनी पुलिस चौकी अंतर्गत ऐंठी गांव में आया था। रामपुर निवासी स्व.लक्षिमन अगरिया के पुत्र सुरेश अगरिया की बारात ऐंठी गांव निवासी सूर्यबली अगरिया के यहां आई थी, रात करीब १२.३० बजे ऐंठी गांव के बीके उर्फ भंवर सिंह गोड़ का दूल्हे के चचेरे भाई राजभान पिता रामे अगरिया २६ वर्ष निवासी रामपुर टंसार के साथ विवाद हो गया। इस दौरान बीके उर्फ भंवर ङ्क्षसह गोड़ ने चाकू निकाल कर राजभान अगरिया के ऊपर हमला कर दिया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोंट आई। राजभान के हल्ला गुहार करने पर बाराती पक्ष के अन्य लोग लोग बीच-बचाव करने पहुंच गए तो बीके उर्फ भंवर ङ्क्षसह गोंड़ ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिसमें जयकरण अगरिया, भूषण अगरिया के भी चोंटे आईं। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गया। घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजभान पिता रामे अगरिया २६ वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं चाकू के हमले में घायल जयकरण पिता रामचरण अगरिया ४० वर्ष निवासी रामपुर टंसार तथा भूषण पिता रामप्यारे अगरिया २२ वर्ष निवासी झारखांड़ थाना मनिंद्रगढ़ छत्तीसगढ़ का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया गया कि आरोपी बीके उर्फ भंवर सिंह निगरानी बदमाश है, जिसके विरूद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर दविश देते हुए गिरफ्तार कर लिया है।