कमिश्नर ने राजस्व अभियान सहित उच्च प्राथमिकता की योजनाओं की समीक्षा की

सीधी धर्मेंद : कमिश्नर कार्यालय सभागार में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से आयोजित बैठक में कमिश्नर ने राजस्व अभियान सहित उच्च प्राथमिकता की योजनाओं की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि राजस्व महाअभियान के प्रथम और दूसरे चरण में बड़ी संख्या में राजस्व प्रकरणों का निराकरण हुआ। कलेक्टर राजस्व महाअभियान के तीसरे चरण को भी प्रभावी रूप से लागू करें। अभियान में निर्धारित सीमांकन, बंटवारा, नक्शा तरमीम और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के प्रकरणों का निराकरण कराएं। धान उपार्जन के लिए एक सप्ताह में सभी खरीदी केन्द्रों में समुचित व्यवस्थाएं करके दो दिसम्बर से धान का उपार्जन कराएं। राजस्व अधिकारी खरीदी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें। कमिश्नर ने कहा कि कलेक्टर खाद वितरण की कड़ी निगरानी रखें। विपणन संघ के डबल लाक सेंटरों में अतिरिक्त काउंटर खोलकर खाद का सुगमता से वितरण कराएं। कमिश्नर ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में नरवाई जलाने की घटनाओं में गत दो वर्षों की तुलना में कमी आई है। नरवाई जलाने की घटना होने पर प्रकरण दर्ज कर जुर्माने की कार्यवाही करें।
