केन्द्रीय नोडल अधिकारी श्रीमती गरिमा श्रीवास्तव ने की जल शक्ति अभियान के कार्यों की समीक्षा

सीधी धर्मेंद : जल शक्ति अभियान की केन्द्रीय नोडल अधिकारी एवं भारत सरकार जल शक्ति मंत्रालय की नोडल श्रीमती गरिमा श्रीवास्तव ने जिले में जल शक्ति अभियान की कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। बैठक में उन्होंने जल शक्ति अभियान व कैच द रेन के लक्ष्य व स्वीकृत कार्यों की विभागवार समीक्षा कर जिन विभागों ने कार्य नहीं किए उन विभाग के अधिकारियों को कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जल शक्ति अभियान की केन्द्रीय नोडल अधिकारी श्रीमती श्रीवास्तव 23 से 25 अक्टूबर 2024 तक जिले के प्रवास के दौरान जल संरक्षण तथा जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में किए गए विभिन्न कार्यों का निरीक्षण एवं अवलोकन किया। साथ ही वह हितग्राहियों के साथ संवाद भी किया। विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि गुलाब सागर, बाणसागर एवं मझौली समूह जलप्रदाय योजना के माध्यम से जल की आपूर्ति के लिए कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ करें। अपूर्ण कार्य समय सीमा में पूर्ण हो यह सुनिश्चित करें। कार्य के दौरान तोड़ी गई सड़क को तत्काल ठीक करायें। श्रीमती श्रीवास्तव ने कहा कि हर घर तक नल से जल की पहुंच सुनिश्चित करना भारत सरकार की प्राथमिकताओं में सम्मिलित है। यह जल शक्ति से नारी शक्ति की अवधारणा को दृष्टिगत रखते हुए महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास है। घर -घर तक नल से जल पहुंचने से महिलाओं के समय और ऊर्जा की बचत होगी। महिलाएं अपनी ऊर्जा अन्य आर्थिक गतिविधियों में लगा पाएंगी जिससे वह आर्थिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनेगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज ने जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया है कि विभागीय समन्वय से कार्यों में अपेक्षित प्रगति मिलेगी।
