कमिश्नर बीएस जामोद ने संभागीय बैठक के एजेण्डा बिंदुओं की समीक्षा की

सीधी धर्मेंद : 23 सितम्बर को कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने संभागीय बैठक के एजेण्डा बिंदुओं की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि 25 सितम्बर को अतिरिक्त मुख्य सचिव महोदय संभागीय बैठकों में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा करेंगे। सभी संबंधित अधिकारी पालन प्रतिवेदन को ऑनलाइन अपडेट करा दें। निर्माण कार्यों के संबंध में अद्यतन स्थिति तथा पूरा होने की तिथि का उल्लेख अनिवार्य रूप से करें। शासन स्तर को स्वीकृति के लिए भेजे गए प्रस्तावों का लगातार फालोअप करके उन्हें स्वीकृति दिलाएं। बैठक में कमिश्नर ने एजेण्डावार बिंदुओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सीधी जिले में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की 12 सड़कों को पूरा कराने का सुझाव दिया गया था। इनमें से 6 का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष का निर्माण कार्य दिसम्बर माह तक पूरा कराएं।कलेक्टर सीधी गुलाब सागर परियोजना की भूअर्जन की राशि का दो दिवस में भुगतान कराएं। गोड़ सिंचाई परियोजना के लिए संजय टाईगर रिजर्व तथा वन विभाग को दी जाने वाली भूमि कलेक्टर सिंगरौली हस्तांतरित कराएं। परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त करने के प्रयास करें। बैठक में संभागीय बैठक के सभी एजेण्डा बिंदुओं पर समीक्षा की गई। बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमान राज, अपर कलेक्टर राजेश शाही, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, सिहावल एसपी मिश्रा, मझौली आरपी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
