राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए 31 अगस्त तक चलेगा राजस्व महाअभियान

सीधी धर्मेंद : प्रदेश के सभी जिलों में 31 अगस्त तक राजस्व महाअभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को राजस्व महाअभियान की तैयारियों के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि राजस्व महाअभियान में नक्शा सुधार और नक्शा तरमीम के सभी प्रकरण निराकृत करें। अभियान के दौरान सभी राजस्व प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज कराएं। स्वामित्व योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को 15 अगस्त तक भू अधिकार पत्रों का वितरण कराएं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में शेष बचे सभी किसानों की ई केवाईसी तथा आधार सीडिंग कराएं। अभियान के दौरान जमीन के खसरे में आधार सीडिंग की भी कार्यवाही सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान कमिश्नर कम से कम एक तहसील का निरीक्षण करें। कलेक्टर, अपर कलेक्टर और एसडीएम भी तहसीलों का निरीक्षण करें। पटवारियों का निर्धारित मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें। इसका उल्लंघन करने वाले पटवारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करें। सभी कलेक्टर रेत तथा अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्यवाही करें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव राजस्व ने महाअभियान के संबंध में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में बताया गया कि जनवरी से मार्च में चलाए गए प्रथम राजस्व महाअभियान में प्रदेश भर में 30 लाख से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया। एनआईसी सीधी से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, समस्त उपखण्ड अधिकारी तथा अन्य राजस्व अधिकारी शामिल हुए।
