कमिश्नर ने की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कहा अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें

सीधी धर्मेंद : सीधी जिले के प्रवास के दौरान कमिश्नर रीवा संभाग बी.एस. जामोद ने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। जिला अधिकारियों को संबोधित करते हुए कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ सहजता से पहुंचाएं। ग्रामीण क्षेत्रों का अधिक से अधिक भ्रमण करें तथा ग्रामवासियों से अपनत्व के भाव से मिलें। उनकी समस्याओं को जाने तथा तत्परता से उनका निराकरण सुनिश्चित करायें। कमिश्नर ने निर्देशित किया कि समाज के अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ सहजता से मिले तथा वह विकास की मुख्य धारा से जुड़े। कमिश्नर श्री जामोद ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया है कि सभी शासकीय विद्यालयों का सुचारू संचालन सुनश्चिित करायें। विद्यालयों में शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की उपस्थित समय से हो।कमिश्नर ने कहा कि कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन तथा मत्स्य पालन विभाग एक टीम के रूप में कार्य करें। जिला स्तर पर उक्त विभागों के अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित करायें जिनमें उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी हो। कृषकों की आय में वृद्धि के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक है। कमिश्नर ने आंगनवाड़ी केन्द्रों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्री प्रायमरी शिक्षा की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने सभी निर्माण एजेन्सियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा समय-सीमा को ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। सभी मार्गों के मरम्मतीकरण के कार्यों में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने बताया कि नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए तत्परता से कार्यवाही की जा रही है। लंबित सीमांकन के निराकरण के लिए जिले में प्रत्येक शनिवार को सीमांकन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विगत दो सप्ताह में 18 सौ से अधिक सीमांकन किए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभान्वित करने के लिए जिले में शून्य शक्ति अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत गत एक माह में 2 हजार से अधिक पेंशन स्वीकृत किए गए हैं। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के लिए जिलास्तर पर कंट्रोल रूम संचालित है जो लगातार हितग्राहियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संतोष त्रिपाठी, उपयुक्त डीएस सिंह सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
