जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत करवाही में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित

0 140
Main Ad1
सीधी धर्मेंद : पुरानी जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जल गंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। सीधी जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विधायक सीधी रीती पाठक के नेतृत्व में ग्राम पंचायत करवाही में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, जनपद सदस्य प्रदीप सिंह, कालिमन सिंह, करवाही सरपंच नीता सिंह, सहित गणमान्य नागरिकों देवकुमार सिंह चौहान, के के तिवारी, विश्वबंधुधर द्विवेदी, पुनीत नारायण शुक्ला, पुष्पराज सिंह सहित ग्रामीणजनों द्वारा सहभागिता की गई। विधायक सीधी श्रीमती पाठक ने कहा कि अपनी भावी पीढ़ी को जल के संकट से बचाने का अभियान है जल गंगा संवर्धन अभियान। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव की मंशा है कि जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल के संरक्षण के हर संभव प्रयास किए जाएं। इसमें अधिक से अधिक आम जन की भागीदारी हो, लोग जल के महत्व को समझे और एक-एक बूंद को बचाने का प्रयास हो। यह संसाधनों का समुचित उपयोग कर जीवन को सुरक्षित करने का अभियान है। विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि पानी को बचाना बहुत जरूरी है। पानी की एक-एक बूंद का महत्व है। हमें मन से संकल्प लेना पड़ेगा तथा पानी का सुनियोजित तरीके से इस्तेमाल करने की स्वयं ही जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी तथा पेड़ लगाने एवं बचाने का संकल्प भी लेना होगा। जब हम धरती माता की प्यास बुझाएंगे तभी वह हमारी प्यास बुझा पाएंगी। विधायक ने कहा कि जब किसी काम की जिम्मेदारी महिलाएं उठाती है तो उस कार्य के परिणाम बेहतर होते हैं। इसलिए इस अभियान का नेतृत्व बहनें करें और इस अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता निभायें। जनपद अध्यक्ष श्री परिहार ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान 5 जून से 16 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। सरकार के साथ -साथ सभी के सहयोग से ही अभियान के लक्ष्य की प्राप्ति हो सकती है। सभी आगे आकर पानी, वृक्ष और तालाबों की सुरक्षा करें जिससे पानी की कमी को दूर किया जा सके। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा लोगों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि बारिश के पानी को रोकने के हर संभव प्रयास करें। बारिश के पानी के गति को रोकें जिससे वाटर रिचार्ज हो सके। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।कलेक्टर श्री सोमवंशी ने गुरुवार को ग्राम पंचायत करवाही में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के आवेदन अधिकारी स्वयं पहल करके लेना सुनिश्चित करें। साथ ही उनकी अन्य समस्याओं के आवेदन भी प्राप्त करें। सभी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए एक सप्ताह में आवेदनों का निराकरण करें तथा हितग्राहियों को की गई कार्यवाही से अवगत कराएं। 
News TOP Footer