मतगणना में मीडिया कर्मियों को मीडिया सेंटर तक मोबाइल रखने की रहेगी अनुमति

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफिसर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 11-सीधी स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा दिनांक 04.06.2024 को 11-सीधी संसदीय क्षेत्र लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के मतगणना स्थल संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय (पुराना भवन) सीधी में की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी पत्रकार वार्ता में साक्षा की गई। स्ट्रांग रूम दिनांक 04.06.2024 को सुबह 7 बजे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अभ्यर्थियों/निर्वाचन अभिकर्ताओं के उपस्थिति में खोला जायेगा। सुबह 8 बजे डाॅक मतपत्र एवं ई.टी.पी.बी.एस. की मतगणना तथा 8.30 बजे से ई.व्ही.एम. की मतगणना प्रारंभ की जायेगी। मतगणना अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओ, मीडियाकर्मियों के प्रवेश हेतु प्रवेश द्वारा क्रमांक 01 से किया जायेगा तथा मतगणना अभिकर्ता को प्रवेश द्वारा क्रमांक 02 से जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी अधिकृत फोटोयुक्त प्रवेश पासध्परिचय पत्र के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति होगी। प्रवेश हेतु फ्लैक्स के माध्यम से निर्धारित रास्तों का चिन्हाकन दर्शित रहेगा। पुलिस अधीक्षक सीधी के नियंत्रण एवं निर्देशन में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा दल की व्यवस्था की गई है। मतगणना स्थल पर मोबाईल फोन एवं अन्य प्रतिबंधात्मक सामग्री के साथ प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। मीडिया कर्मियों को मीडिया सेंटर तक मोबाइल की अनुमति रहेगी। वार्ता में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर नीलेश शर्मा, जिला जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मिश्रा सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
