सभी बसाहटों में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए कहा कलेक्टर सोमवंशी ने

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेयजल की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने जिले की पेयजल आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र की सभी बसाहटों में पेयजल आपूर्ति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि समस्त उपखण्ड अधिकारी (राजस्व) अपने क्षेत्र के नगरीय निकायों तथा ग्रामीण निकायों के संबंधित अधिकारियों की नियमित अंतराल में बैठक आयोजित कर पेयजल आपूर्ति की नियमित निगरानी रखें। ऐसी बसाहटें जहाँ गत वर्ष पेयजल आपूर्ति में समस्या आई हो तथा इस वर्ष भी प्रारंभिक आंकलन के आधार पर समस्या आने की संभावना हो उसके लिए कार्ययोजना तैयार कर लें। उन्होने कहा कि यह ध्यान रखें कि किसी भी ग्राम या बसाहट में पेयजल की समस्या नहीं हो। जहां भी हैण्डपम्प खराब होने की सूचना प्राप्त हो उसे तत्काल ठीक कराना सुनिश्चित करें। जहां आवश्यक हो तो सिंगल फेस मोटर पम्प डालकर पानी की समस्या का निराकृत करें। खराब हो चुके हैण्डपम्पों की मरम्मत की जाये। यदि इसके बाद भी पेयजल की समस्या आती है तो परिवहन के अंतिम विकल्प का प्रयोग कर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाकर रखने को कहा है। जनप्रतिनिधियों से पेयजल संबंधी शिकायतों के प्राप्त होने पर तत्परता से उसका निराकरण सुनिश्चित करायें। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण होने चाहिए। इसके साथ ही कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण किया जाए जिससे नागरिकों को समय पर पीने के लिए पानी उपलब्ध हो सके। कलेक्टर द्वारा ईई पीएचई को निर्देशित किया गया है कि 55 पूर्ण कार्यों का सत्यापन करा लें और प्रगतिरत कार्यों को 20 मई तक पूर्ण करने के प्रयास किए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि प्रगतिरत कार्यों के सोर्स पर पानी की सप्लाई प्रारंभ करने को प्राथमिकता दें। कलेक्टर ने जल निगम द्वारा प्रगतिरत समूह नलजल योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। इसी प्रकार कलेक्टर ने नगरीय निकायों में पेयजल आपूर्ति सतत रूप से जारी रखने तथा पेयजल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सभी संबंधित अधिकार उपस्थित रहे।
