अधिकारियों कर्मचारियों बुजुर्गों, दिव्यांगों ने उत्साह के साथ किया मतदान

सीधी धर्मेंद : जिले में प्रातः 5.30 बजे से भी मतदान केन्द्रों में मॉक पोल की प्रक्रिया आरंभ हुई। मॉकपोल के बाद प्रातः 7 बजे से वास्तवित मतदान आरंभ हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, सहित सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, सेक्टर अधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों का सतत निरीक्षण करते हुए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। सायं 5 बजे तक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 11-सीधी अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 76-चुरहट में 45.3 प्रतिशत, 77-सीधी में 45.1 प्रतिशत, 78-सिहावल में 45.22 प्रतिशत, 79-चितरंगी में 51.75 प्रतिशत, 80-सिंगरौली में 54 प्रतिशत, 81-देवसर में 56.59 प्रतिशत, 82-धौहनी में 54.55 प्रतिशत एवं 83-ब्यौहारी में 57.84 प्रतिशत मतदान हुआ। लोकसभा निर्वाचन 2024 में अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा भी उत्साह के साथ मतदान किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ रवींद्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे तथा अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही ने सपरिवार लोकसभा निर्वाचन 2024 में अपने मतदान केन्द्र में अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके साथ ही संयुक्त कलेक्टर नीलेश शर्मा ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया। लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 11-सीधी जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के 1208 मतदान केन्द्रों में प्रातः 7 बजे से मतदान आरंभ हुआ। मतदान के पहले सभी मतदान केन्द्रों में मॉकपोल कराया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए तथा मतदान के संबंध में सभी आवश्यक सूचनाएं संकलित करने तथा कानून और व्यवस्था की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभा कक्ष में विशेष कंट्रोल बनाया गया था। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक अभिषेक कृष्णा (आईएएस) द्वारा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। सीईओ जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, संयुक्त कलेक्टर नीलेश शर्मा के नेतृत्व में जिले के सभी 1208 मतदान केंद्रों में मतदान की स्थिति में कड़ी निगरानी रखी गई। इसके साथ ही निर्वाचन कार्य में उपयोग किए जा रहे वाहनों की जीपीएस सिस्टम से मॉनीटरिंग की गई। लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 11-सीधी के लिए मतदान 19 अप्रैल को मतदान किया गया, जिसमें जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में जिले के सभी मतदान केंद्रों में दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर तथा सहायक की व्यवस्था की गई थी जिससे वह सहज रूप से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। इसके पूर्व भी आयोग के निर्देशानुसार 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग व्यक्तियों तथा दिव्यांगों को होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। जिले के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान केंद्र में पहुंचकर उत्साह के साथ अपने मताधिकार का उपयोग किया और लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता की।
