कांग्रेस के राज में किसानों से फसल ऋण पर 15 से 16 प्रतिशत वसूला जाता था कहा डॉ राजेश मिश्रा ने

सीधी धर्मेंद : भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा का धुआंधार चुनावी जनसंपर्क जन आशीर्वाद के रूप में जारी है। इसी तारतम्य में सिहावल विधानसभा के बहरी मंडल के कई ग्राम पंचायत में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक के साथ भाजपा प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा का जन दर्शन का कार्यक्रम लगातार जारी है। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का केवल शोषण किया है। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह की राज में किसानों को फसल ऋण पर 15 से 16 प्रतिशत ब्याज निर्दयता पूर्वक वसूला जाता था , किंतु भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही फसल ऋण पर किसानों से ब्याज की राशि नहीं ली जाती थी अर्थात शून्य प्रतिशत पर फसल ऋण दिया गया था ।जिसके कारण 3 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए। भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर राजेश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल 2003 में 159 लाख मैट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन हुआ करता था, जो आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार में चार गुना बढ़कर 619 लाख मैट्रिक टन हुआ है। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किसानों की आय को दुगना करने का लक्ष्य रखा है, जिसे हम कुछ वर्षों में ही पूर्ण कर, भारत को विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था इसी पंचवर्षीय में बनाने में कारगर होंगे।
