खेलो एमपी यूथ गेम 2023 के आयोजन संबंधी बैठक सम्पन्न हुई

0 371
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर साकेत मालवीय तथा पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा की उपस्थिति में खेलो एमपी यूथ गेम्स 2023 के आयोजन के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान की घोषणा के पालन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ गेम 2022 की तर्ज पर इस वर्ष 2023 में खेलो एमपी यूथ गेम का आयोजन माह सितंबर से अक्टूबर 2023 के मध्य ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर किया जाना प्रस्तावित है। ब्लाक स्तरीय चयन स्पर्धा 15 से 20 सितंबर के मध्य, जिला स्तरीय 21 से 25 सितंबर, संभाग स्तरीय 26 से 30 सितंबर तथा राज्य स्तरीय आयोजन 01 से 05 अक्टूबर तक किया जाएगा। खेलो एमपी यूथ गेम के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर चयन स्पर्धा जिसमें एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, मलखंब, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, टेबल टेनिस, योगासन, वालीवाल, टेनिस एवं शतरंज किया जाना है। इसके पश्चात चयन स्पर्धा में चयनित बालक-बालिका खिलाड़ियों के द्वारा जिला स्तर पर 18 खेल में सहभागिता की जाएगी। चयन स्पर्धा में सम्मिलित होने वाले बालक-बालिका खिलाड़ियों की आयु 31 दिसंबर 2023 को 18 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। खिलाड़ियों की आयु प्रमाण पत्र हेतु ग्राम पंचायत तथा नगर पालिका/नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र अथवा अध्ययनरत खिलाड़ियों को बोर्ड परीक्षा की अंक सूची ही मान्य किए जाएंगे। जिलास्तर पर चयनित खिलाड़ी संभाग स्तर तथा संभाग स्तर पर चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर सहभागिता कर पाएंगे। 06 खेलों ताईक्वांडो, फैंसिंग, रोइंग, क्याकिंग-कैनोइंग, शूटिंग एवं आर्चरी में सीधे राज्य स्तर पर खेलों का आयोजन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर आयोजित चयन स्पर्धा में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को चयन स्पर्धा के पूर्व अपना पंजीयन कराना अनिवार्य होगा जिसमें एक फोटो, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र एवं बैंक अकाउंट की छाया प्रति लगाना अनिवार्य है। विकासखंड से चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार रुपए एवं तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपए से पुरस्कृत किया जाएगा। उक्त आयोजनों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने के लिए कलेक्टर श्री मालवीय ने ब्लॉक स्तर एवं जिला स्तर पर समिति के गठन के निर्देश दिए हैं। समिति में संबंधित खेलों के खेल संघ के पदाधिकारी, अंतर्राष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर के पूर्व खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विशेषज्ञों को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार प्रत्येक स्थिति पर विवाद के निवारण के लिए प्रोटेस्ट समिति के गठन के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक विकासखंड पर आयोजन स्थल का चयन कर आवश्यक साफ-सफाई, प्राथमिक उपचार एवं स्वच्छ पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जावे। उन्होंने आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं जिससे अधिक से अधिक युवा सहभागिता कर सकें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उपखण्ड अधिकारी सिहावल नीलेश शर्मा, सिहावल एसपी मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

News TOP Footer