ग्राम सुपेला में कथा वाचक देवी चित्रलेखा जी ने कहा कि नारी का सम्मान ही देश का सम्मान है

0 127
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : सीधी जिले के ग्राम सुपेला में चल रही श्रीमद भागवत कथा के तीसरे दिन सुप्रसिद्ध कथा वाचक देवी चित्रलेखा जी ने कहा कि नारी का सम्मान ही देश का सम्मान है,समूची मानव जाति का सम्मान है। बेटा-बेटी में भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए,बहुत हद तक यह कम हुआ है। लेकिन अभी भी कुछ जगह है। मानव जीवन तभी धन्य होगा जब हम मानव मात्र एक समान एक पिता की सब संतान के रूप में बेटा और बेटी को एक नजर से देखेंगे। भगवत कथा के तृतीय दिवस कथा व्यास ने सुखदेव परीक्षित जी का सुंदर चित्रण किया और बताया कि हरि नाम निर्भय बना देता है। निडरता लाता है, भगवान के नाम में बहुत शक्ति है और वह मृत्यु पर भी विजय प्राप्त कर सकता है। देवी चित्रलेखा जी ने आगे कहा कि सच्चा गुरु मिल जाए तो एक क्षण में ही भगवान से मिला सकता है। व्यासपीठ से उन्होंने सभी से आह्वान किया कि सभी अपने बच्चों को संस्कार अवश्य दें, जिससे वह बुढ़ापे में अपने माता पिता की सेवा कर सकें, गो सेवा, साधु की सेवा कर सकें। आगे कथा वाचक देवी चित्रलेखा जी ने कहा कि बच्चों को धर्म का ज्ञान बचपन में दिया जाता है, वह जीवन भर उसका ही स्मरण करता है। ऐसे में बच्चों को धर्म व आध्यात्म का ज्ञान दिया जाना चाहिए। माता-पिता की सेवा व प्रेम के साथ समाज में रहने की प्रेरणा ही धर्म का मूल है। अच्छे संस्कारों के कारण ही ध्रुव जी को पांच वर्ष की आयु में भगवान का दर्शन प्राप्त हुआ। देवी चित्रलेखा जी ने भगवान के महाभारत की प्रेरक एवं सारगर्भित कथा सुनाते हुए कहा कि यह संसार भगवान का एक सुंदर बगीचा है। आज की कथा में मध्य प्रदेश शासन के पिछड़ा कल्याण एवं पंचायत राज्यमंत्री श्री राम खेलावन पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतना श्री दिलीप मिश्रा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रीवा शहर श्री लखन लाल खंडेलवाल, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण श्री राजेंद्र शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्री ब्रज भूषण शुक्ला ,अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सीधी श्री ज्ञान प्रताप सिंह, सदस्य जिला पंचायत रीवा श्री पद्मेश गौतम ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस श्रीमती कविता पांडे, सहित अन्य वरिष्ठ नेता व जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

News TOP Footer