विधायक सीधी ने किया 177.91 लाख रुपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

सीधी धर्मेंद : सीधी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की जा रही विकास यात्रा 19 फरवरी को ग्राम पंचायत पडखुरी नंबर 2 से प्रारंभ होकर खिरखोरी, धनखोरी होते हुए पनवार चैहानन में समाप्त हुई। इस दौरान विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल द्वारा 177.91 लाख रुपये लागत के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीण रत्नों को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। विकास यात्रा के दौरान विधायक श्री शुक्ल, जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, कलेक्टर साकेत मालवीय, सीईओ जिला पंचायत राहुल धोटे सहित उपस्थित गणमान्य नागरिकों द्वारा अंकुर अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री शुक्ल ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण हम सभी की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। हमारे पूर्वजों ने इस धरोहर को सहेज कर हमें सौंपा है। हमें भी इसका संवर्धन कर अपनी भावी पीढ़ी को सौंपना है। विधायक ने कहा कि पिछले दो वर्ष से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा प्रत्येक दिन एक पौधे का रोपण करके दिन की शुरुआत की जाती है। आज उनके इस प्रयास से यह एक जनआंदोलन बन गया है। प्रतिदिन मुख्यमंत्री जी के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों द्वारा भी पौधरोपण किया जा रहा है। श्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने जिले के प्रत्येक नागरिक से अपील की है कि इस अभियान में सहभागिता करें और अपने घर के आसपास एक पौधा अवश्य लगाएं। उस पौधे की अच्छे से देखरेख करें जिससे वह स्वस्थ और तंदुरुस्त रहे । पर्यावरण की सुरक्षा में ही हमारी सुरक्षा है। यात्रा के दौरान विधायक सीधी श्री शुक्ल ने ग्राम पंचायत पड़खुरी नंबर 2 में 5.98 लाख रूपये एवं खिरखोरी में 11.1 लाख रूपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसी प्रकार खिरखोरी में 38.31 लाख रूपये, धनखोरी में 37.7 लाख रूपये एवं पनवार चैहानन में 84.92 लाख रूपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक द्वारा गोवंश की रक्षा तथा ऐरा प्रथा को समाप्त करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशा मुक्त समाज के स्थापना की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में समाजसेवी देव कुमार सिंह चैहान, गुरूदत्त शरण शुक्ल, सहित जनप्रतिनिधिगण संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
