पहले समय-सीमा बैठक में राष्ट्रगान तथा राष्ट्रगीत के गायन के साथ नए वर्ष का हुआ आगाज

0 67
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : नव वर्ष के पहले समय-सीमा बैठक की शुरुआत राष्ट्र गान तथा राष्ट्र गीत के गायन के साथ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है। कलेक्टर ने कहा कि इस नए वर्ष में नई ऊर्जा, स्फूर्ति और उमंग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लें। अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लक्ष्यों की प्राप्ति में अपना योगदान करें, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएं। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा शिकायतों का संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि नाॅट अटेन्डेड तथा निम्न गुणवत्ता से बंद शिकायतों की संख्या न्यूनतम रखें। अधिकतम शिकायतों को शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ विलोपित कराया जाए। कलेक्टर ने 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। श्री मालवीय ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए चयनित विषयों से संबंधित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों पर तत्परता से कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा है। कलेक्टर द्वारा कलेक्टर कमिश्नर कांफ्रेंस में चयनित विषयों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि एजेण्डा के विषयों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए की गई कार्यवाही से अवगत कराया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के हितग्राहियों के पट्टे वितरण की कार्यवाही 4 जनवरी को प्रस्तावित है, इसके पूर्व अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों के पट्टे बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। संबल 2.0 योजना अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के सत्यापन की कार्यवाही समयसीमा में ही पूर्ण करायें। इसके साथ ही कलेक्टर ने माफिया के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने तथा की गई कार्यवाही की अद्यतन जानकारी साझा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने शासकीय सेवकों के पेंशन तथा अनुकंपा नियुक्ति संबंधी मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से रोजगार मेला आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने जनवरी माह में प्रस्तावित आनंद उत्सव के संबंध में कलेंडर जारी कर पूरे जिले में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक पात्र हितग्राही के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा जिले के सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि इसके लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अग्रणी भूमिका निभाते हुए सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित करें। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर एवं संस्था स्तर पर विशेष कैम्पों का भी आयोजन किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले सभी विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों के पात्रतानुसार आयुष्मान कार्ड भी बन गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं वंचित वर्ग को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योजना है। इसके लाभ से कोई भी पात्र हितग्राही वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शासकीय उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित विभागीय अधिकारी माह में कम से कम 10 दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण अवश्य करेंगे। निरीक्षण में प्रत्येक दुकान में योजनावार हितग्राहियों की सूची की उपलब्धता तथा उन्हें पात्रतानुसार खाद्यान्न वितरण की जांच अनिवार्य रूप से करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि ऐसी दुकानें जिनके लिए पृथक से विक्रेता उपलब्ध नहीं हैं उन्हें स्व सहायता समूहों के माध्यम से संचालित करने की व्यवस्था की जाए। कलेक्टर ने कहा कि पंचायत आम/उप निर्वाचन वर्ष 2022 (उत्तरार्द्ध) के तहत दिनांक 05 जनवरी 2023 को मतदान किया जाएगा। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए विभिन्न अधिकारियोंध्कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन सुनिश्चित करें। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों को आत्मसात करते हुए त्रुटिरहित निर्वाचन सम्पन्न करायें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें। साथ ही अन्य उपखण्ड अधिकारी एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहें।

News TOP Footer