कलेक्टर ने किया वनांचल कुसमी में विद्यालयों एवं छात्रावासों का निरीक्षण


सीधी धर्मेंद : कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा विकासखंड कुसमी के भ्रमण के दौरान छात्रावासों तथा विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। आदिवासी बालक आश्रम शाला (अंग्रेजी माध्यम) कुसमी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों के दिनचर्या, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था व मेडिकल सुविधा इत्यादि के बारे में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री मालवीय ने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर जोर दिया तथा उनके करियर के प्रति सजग रहने की बात कही। इसके साथ ही कलेक्टर ने विद्यालयों तथा छात्रावासों में गैर शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि नियमित अंतराल में खेलकूद, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, विज्ञान प्रतियोगिताओं, वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाए जिससे विद्यार्थियों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास होगा। उन्होंने अधीक्षक छात्रावास को निर्देशित किया है कि परिसर में साफ सफाई नियमित रूप से हो। बच्चों को किसी प्रकार से पढ़ाई में असुविधा न हो। शासन की योजनाओं का लाभ छात्रों को सहजता से मिलें। उन्होंने मीनू अनुसार बच्चों को भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके पूर्व कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय महखोर विकासखंड मझौली तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भदौरा विकासखंड कुसमी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देशित किया है कि विद्यालयों का अपने निर्धारित समय पर संचालन किया जाए। शिक्षकों तथा छात्रों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। बच्चों के लिए पुस्तकों, बैठने की, शुद्ध पेयजल तथा शौचालयों की व्यवस्था अच्छी हो। उन्होंने निर्देशित किया है कि बच्चों को मीनू अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपस्थित शिक्षक को निर्देशित किया है कि परिसर में साफ सफाई नियमित रूप से हो। बच्चों को किसी प्रकार से पढ़ाई में असुविधा न हो। भ्रमण के दौरान उनके साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी कुसमी आर के सिन्हा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
