कलेक्टर साकेत मालवीय ने किया प्राथमिक शाला सोनवर्षा का निरीक्षण

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा शासकीय प्राथमिक पाठशाला सोनवर्षा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देशित किया है कि विद्यालयों का अपने निर्धारित समय पर संचालन किया जाए। शिक्षकों तथा छात्रों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। बच्चों के लिए पुस्तकों, बैठने की, शुद्ध पेयजल तथा शौचालयों की व्यवस्था अच्छी हो। उन्होंने निर्देशित किया है कि बच्चों को मीनू अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपस्थित शिक्षक को निर्देशित किया है कि परिसर में साफ-सफाई नियमित रूप से हो। बच्चों को किसी प्रकार से पढ़ाई में असुविधा न हो। कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित करें। शिक्षा ऐसी हो जो बच्चों के व्यक्तित्व का विकास करे तथा उनके दैनिक जीवन में उपयोगी हो। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को रुचिकर शिक्षा तथा खेल-खेल में शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दें। बच्चों को पढ़ाई बोझ नहीं लगे बल्कि वह उसमें आनंदित हों ऐसा प्रयास किया जाए। कलेक्टर ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए उनके लिए विद्यालयों में एक सकारात्मक एवं सुरक्षित वातावरण निर्मित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालयों को स्वच्छ एवं क्रियाशील रखने के निर्देश दिए हैं। उनके साथ उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा तथा एपीसी रमसा सुजीत मिश्रा उपस्थित रहे।
