सीधी में श्री महाकाल लोक लोकार्पण के अद्भुत, अविस्मरणीय एवं गौरवशाली क्षण के साक्षी बने श्रद्धालु


सीधी धर्मेंद : उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में विकसित श्री महाकाल लोक का प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मंगलवार की शाम भव्य समारोह में लोकार्पण किया गया। श्री महाकाल लोक के लोकार्पण ने जिले को दीपावली से पहले ही दीपोत्सव मनाने का सुअवसर प्रदान किया। सीधी जिले में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में विशेष साफ-सफाई तथा सजावट करके महाकाल के महालोक लोकार्पण का उत्सव मनाया गया। सभी मंदिरों में आकर्षक सजावट के साथ दीपमालाएं सजाई गईं। सभी ग्राम पंचायतों में उज्जैन में आयोजित लोकार्पण समारोह के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई। इस दौरान मंदिरों में जनसहयोग से शिव भजन, पूजन, कीर्तन, अभिषेक, आरती सहित अन्य आयोजन किए गए, जिनमें बड़ी संख्या भक्तजन सम्मिलित हुए। जिलें में नगर पालिका क्षेत्र सीधी में गायत्री मंदिर, फूलमती देवी (देवी मंदिर), बढ़ौरानाथ शिव मंदिर बढ़ौरा, लौवन देवी मंदिर मायापुर, देवी मंदिर घोघरा, बूढ़ी माता मंदिर नगर पालिका क्षेत्र चुरहट, शिव मंदिर चन्दरेह, देवी मंदिर मडफहा नगर पालिका क्षेत्र मझौली एवं वनवासी हनुमानजी मंदिर तहसील परिसर कुसमी सहित जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में शाम को कई स्थानों में वर्षा के बावजूद भजन-कीर्तन, पूजन, दीपोत्सव और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम उत्साह पूर्वक आयोजित हुये। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उज्जैन से लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल, जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, देवघटा शिव मंदिर में कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव, घोघरा में चंडी देवी मंदिर में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अद्भुत, अविस्मरणीय एवं गौरवशाली क्षण के साक्षी बने। सीधी जिले के सिहावल ब्लॉक में ऐतिहासिक चंडी देवी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह अपर कलेक्टर बी के पांडे और अन्य अतिथियों का पुष्प मालाओं से स्वागत किया गया इस दौरान मौजूद ग्रामीण जनों द्वारा भजन कीर्तन का भी गायन किया गया भजन कीर्तन के बाद घोघरा चंडी देवी की सभी अतिथियों एवं मौजूद ग्रामीण जनों के द्वारा 101 आरती की थाली से आरती की गई आरती के बाद बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीण जनों ने टेलीविजन पर सीधा प्रसारण के माध्यम से महाकाल मंदिर में भगवान बाबा महाकाल की मोदी जी द्वारा की गई पूजा अर्चना का सजीव प्रसारण भी देखा गया कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह ने कहा कि घोघरा देवी मंदिर और उसके आसपास परिसर का सर्वांगीण विकास किया जाएगा कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों को प्रसाद का वितरण किया गया।
